Lucknow News: केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की स्पेशल टीम ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की पांच बड़ी परियोजनाओं का गुरुवार से स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है। इन शहरी प्रोजेक्ट्स को अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) से बड़ा वित्तीय अनुदान मिलने की उम्मीद है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी।
एलडीए उपाध्यक्ष ने दिल्ली से आई स्पेशल टीम के साथ किया मंथन
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने दिल्ली से आई यूसीएफ की टीम के साथ पारिजात सभागार में एक हाई-लेवल बैठक की। इस बैठक में सभी पांच परियोजनाओं का डिटेल प्रजेंटेशन देकर 25 प्रतिशत तक वित्तीय अनुदान मांगा गया है। मंत्रालय द्वारा यह अर्बन चैलेंज फंड योजना वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक के लिए चलाई जा रही है।
अधिकारियों ने टीम को बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे पर 6580 एकड़ में प्रस्तावित वरुण विहार योजना के प्रथम चरण में करीब 1000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस वीआईपी मीटिंग में नगर आयुक्त गौरव कुमार, मुख्य अभियंता महेश वर्मा सहित यूसीएफ के सदस्य मृत्युंजय जायसवाल, दीपू टाम और नीरजा गुप्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।
1090 चौराहे पर बनेगा फ्लाईओवर और हनुमान सेतु के पास डिजिटल लाइब्रेरी
इस बड़े प्रोजेक्ट के तहत 1090 चौराहे पर बैकुंठ धाम से लामार्टीनियर ग्राउंड तक 2.3 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर प्रस्तावित है। लगभग 330 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना से 10 लाख की आबादी को जाम से राहत मिलेगी। इसके अलावा 30 करोड़ रुपये की लागत से पत्रकारपुरम में एक आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग भी बनाई जाएगी।
छात्रों की सुविधा के लिए हनुमान सेतु और लखनऊ विश्वविद्यालय के पास 58.78 करोड़ रुपये की लागत से एक बहुमंजिला लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही 195 करोड़ रुपये के भारी बजट से होने वाले कैलाशकुंज कॉम्प्लेक्स के री-डेवलपमेंट कार्य के लिए भी यूसीएफ से वित्तीय सहायता मांगी गई है।

