Lucknow News: आम उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाली बिजली की औसत आपूर्ति लागत वर्तमान में 7.96 रुपये प्रति यूनिट हो गई है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवनयापन करने वाले लाइफलाइन उपभोक्ताओं को मात्र 3 रुपये प्रति यूनिट में बिजली देने के लिए 3.75 रुपये प्रति यूनिट की सब्सिडी मंजूर की है।
घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दरें सातवें वर्ष भी रहेंगी यथावत
विद्युत नियामक आयोग ने कोयले की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर चालू वित्तीय वर्ष के टैरिफ ऑर्डर में बिजली आपूर्ति की औसत लागत 7.96 रुपये प्रति यूनिट आंकी है। अन्य घरेलू उपभोक्ताओं की दरें सातवें वर्ष भी यथावत रखने के लिए सरकार ने 85 पैसे से 1.85 रुपये प्रति यूनिट तक सब्सिडी दी है।
नियामक आयोग वाणिज्यिक और औद्योगिक दरों को बढ़ाकर क्रॉस सब्सिडी के जरिए गरीबों, किसानों और कम खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं की दरें कम रखता है। इसके बावजूद घरेलू बिजली दरें 6.75 से 7.35 रुपये तक पहुंच रही थीं, जिसे सरकार ने भारी फंड देकर नियंत्रित किया है।
प्रदेश के कुल उपभोक्ताओं में 86 प्रतिशत से अधिक घरेलू उपभोक्ता
प्रदेश के कुल 3,94,20,464 बिजली उपभोक्ताओं में से 3,41,95,455 केवल घरेलू श्रेणी के ही हैं। इनमें से 1,78,91,784 शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लाइफलाइन उपभोक्ता (1 किलोवाट लोड और प्रति माह 100 यूनिट से कम खपत वाले) हैं। इन्हें 6.75 रुपये वाली बिजली मात्र 3 रुपये में मिलेगी।
इसके लिए सरकारी खजाने से कुल 2,833 करोड़ रुपये पावर कॉरपोरेशन को ट्रांसफर कर दिए गए हैं। अन्य श्रेणियों में 150 यूनिट तक 1.85 रुपये, 151 से 300 यूनिट तक 1.35 रुपये और 300 यूनिट से अधिक की खपत पर 85 पैसे प्रति यूनिट की सब्सिडी सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगी पूरी तरह मुफ्त बिजली
चुनावी साल में सरकार ने 16,82,860 किसानों को निजी नलकूप (ट्यूबवेल) से सिंचाई के लिए पूरी तरह मुफ्त बिजली देने की बड़ी घोषणा की है। इसके लिए 835 रुपये प्रति बीएचपी प्रति माह की दर से सरकारी खजाने से कुल 12,845 करोड़ रुपये की भारी-भरकम सब्सिडी जारी की गई है।
आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राज्य सरकार ने यदि कुल 20,400 करोड़ रुपये का अनुदान बिजली कंपनियों को न दिया होता, तो आम जनता को भारी-भरकम बिल चुकाना पड़ता। सरकारी सहायता के कारण अब शहरी उपभोक्ताओं को अधिकतम 6.50 रुपये और ग्रामीणों को 5.50 रुपये प्रति यूनिट ही देना होगा।
