Lucknow News: राजधानी लखनऊ में एक बड़े वीआईपी कार्यक्रम के चलते शनिवार को शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बदली रहेगी। डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं में लगे वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर विशेष छूट दी जाएगी।
एयरपोर्ट और अवध चौराहा रूट पर पूरी तरह बैन रहेगा ट्रैफिक
यातायात विभाग के मुताबिक किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर आम नागरिक विभाग की हेल्पलाइन पर सीधे संपर्क कर सकते हैं। यह व्यापक डायवर्जन शनिवार सुबह आठ बजे से पूरी तरह लागू हो जाएगा। दरोगाखेड़ा, स्कूटर इंडिया और नादरगंज से कोई भी वाहन अमौसी एयरपोर्ट की ओर नहीं जा सकेगा।
यह सारा यातायात अब किसान पथ होते हुए रायबरेली रोड की तरफ से निकाला जाएगा। इसके अलावा अमौसी की ओर से आने वाला सामान्य यातायात नीलम फार्मेसी तिराहा, कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन, पिकेडली एवं अवध चौराहा की ओर नहीं जा सकेगा। इन गाड़ियों को शहीद पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
अमौसी एयरपोर्ट के अंदर आम वाहनों की एंट्री पर लगी रोक
अमौसी एयरपोर्ट वीआईपी मोड़ से सामान्य यातायात एयरपोर्ट के अन्दर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह यातायात अब अमौसी कमर्शियल मोड़ से बाएं होकर गुजरेगा। रायल होटल चौराहा से वाहन अटल चौक की ओर नहीं जा सकेंगे, बल्कि इन्हें सिसेंडी तिराहे से डीएसओ चौराहा होकर भेजा जाएगा।
एवरेडी तिराहा एवं भूसामंडी से मवैया की ओर जाने वाला ट्रैफिक भी पूरी तरह बंद रहेगा। यह गाड़ियां एवरेडी तिराहे से सीधे बालाजी मंदिर होकर निकलेंगी। नाका चौराहे से पानदरीबा की ओर आने वाले वाहनों को डीएवी डिग्री कॉलेज और राजेंद्र नगर की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है।
चारबाग और आलमबाग जाने वाले यात्री अपनाएं ये वैकल्पिक मार्ग
लाटूश रोड बांस मंडी तिराहे से गुप्ता तिराहा चारबाग की ओर जाने वाले वाहन नाका चौराहा होकर जाएंगे। अशोक लाट चौराहा से बर्लिंगटन और रॉयल होटल चौराहा जाने वाला ट्रैफिक लाटूश रोड की तरफ मोड़ा गया है। अवध चौराहा से आलमबाग जाने वाले वाहन पिकेडली और बंगला बाजार होकर जाएंगे।
फतेह अली से चारबाग-आलमबाग की तरफ जाने वाला यातायात अब कुंवर जगदीश से करियप्पा मार्ग होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगा। इसके साथ ही लंगड़ा फाटक से आलमबाग की तरफ आने वाली गाड़ियों को पूरी तरह रोक दिया गया है। ये सभी गाड़ियां मानक नगर रेलवे स्टेशन होकर गुजरेंगी।

