Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नरसेना थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी की सगाई होने की खबर सुनकर प्रेमिका सीधे पुलिस को लेकर उसके घर पहुंच गई। प्रेमी के घर पुलिस के पहुंचते ही वहां भारी हंगामा खड़ा हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी का झांसा देकर रिलेशनशिप में रखने का लगा गंभीर आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में मजदूरी का काम करता था। वहां रहने वाली एक युवती के साथ वह काफी समय से रिलेशनशिप में था। आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का झांसा दिया और बिना बताए अपने गांव आकर दूसरी जगह सगाई कर ली।
जैसे ही इस बात की जानकारी प्रेमिका को हुई, वह तुरंत गढ़मुक्तेश्वर पुलिस को अपने साथ लेकर गुरुवार को प्रेमी के गांव पहुंच गई। नरसेना थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से युवक के परिजनों से इस मामले में गहन पूछताछ की है।
किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में दोनों पक्षों में हुआ समझौता
इसी थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव में दुकान से सामान लेने जा रही 12 वर्षीय किशोरी से एक अधेड़ द्वारा छेड़छाड़ करने की कोशिश का मामला भी सामने आया है। आरोपी ने पहले किशोरी को पैसों का लालच देकर रोकने का प्रयास किया और फिर जबरन हाथ पकड़कर खींचने लगा।
पीड़ित किशोरी किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर घर भागी और परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता के पिता ने थाने में शिकायत पत्र देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी नशे में था और अब इस मामले में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है।

