रूस की राह पर इजरायल! लेबनान की जमीन पर लितानी नदी तक किया ‘कब्जा’, दुनिया रह गई सन्न

Lebanon News: मिडल ईस्ट में शांति की उम्मीदों के बीच एक बहुत बड़ी खबर आई है। इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में ठीक वैसा ही कदम उठाया है, जैसा रूस ने यूक्रेन में किया था। इजरायली सेना ने लितानी नदी तक के पूरे इलाके पर अपना कब्जा जमा लिया है। यह एक ऐसा फैसला है जो इस युद्ध की पूरी दिशा बदल सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच एक तरफ सीजफायर की खबरें चल रही हैं। लेकिन जमीन पर इजरायल ने अपनी सैन्य ताकत से भूगोल बदलने का साफ संकेत दे दिया है।

लितानी नदी बना नया सिक्योरिटी जोन

इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने इस नई रणनीति का खुलासा किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लितानी नदी तक का पूरा इलाका अब इजरायली सेना (IDF) के नियंत्रण में रहेगा। हिजबुल्लाह की हथियारों की सप्लाई को पूरी तरह से काटने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। लितानी नदी पर बने सभी पांच अहम पुलों को इजरायली सेना ने बमबारी कर उड़ा दिया है। इजरायल का सीधा मकसद हिजबुल्लाह को अपनी सीमा से बहुत दूर धकेलना है। इजरायल ने साफ कर दिया है कि उत्तरी इजरायल के लोगों की सुरक्षा पक्की होने तक विस्थापित लेबनानी नागरिक अपने घरों को नहीं लौट सकेंगे।

बेरूत से बेका घाटी तक भीषण तबाही

इजरायल और हिजबुल्लाह का यह खूनी युद्ध अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर गया है। लेबनान में तबाही का मंजर लगातार भयानक होता जा रहा है। राजधानी बेरूत के रिहायशी इलाकों में भारी बमबारी हुई है। आम नागरिकों के घर मलबे के ढेर में बदल चुके हैं। इजरायली वायुसेना ने ‘अल-अमाना’ नाम की फ्यूल कंपनी के गैस स्टेशनों पर भी बड़े हमले किए हैं। इजरायल का दावा है कि इस कंपनी की कमाई से हिजबुल्लाह को फंड मिलता है। इसके अलावा दक्षिणी लेबनान के हाल्टा गांव में इजरायली सैनिकों के घुसने, फायरिंग करने और एक नागरिक को अगवा करने की खबरें आई हैं।

हिजबुल्लाह का भी लगातार पलटवार

इस भारी तबाही के बावजूद हिजबुल्लाह ने हथियार नहीं डाले हैं। हिजबुल्लाह के लड़ाके भी मोर्चे पर डटे हुए हैं। संगठन ने दक्षिणी लेबनान के कवाजा गांव में इजरायली सेना का कड़ा विरोध किया है। साथ ही उत्तरी इजरायल में मौजूद इजरायली सैन्य ठिकानों पर कई हमले करने का दावा भी किया है। यह संघर्ष अब ऐसे खतरनाक मोड़ पर आ गया है, जहां से शांति की गुंजाइश खत्म होती दिख रही है।

Hot this week

Related Articles

Popular Categories