International News: पहलाम आतंकी हमले के बाद भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से सहमा पाकिस्तान अब अपनी ही झूठी कहानियों में फंस गया है। पाकिस्तानी सेना का एक सैन्य अधिकारी सोशल मीडिया पर दो ऐसे भारतीय एयरबेस पर मिसाइल हमले का दावा कर रहा है, जो असलियत में मौजूद ही नहीं हैं।
पाकिस्तानी कैप्टन मुनीब जमाल का वीडियो हुआ वायरल
दरअसल सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सेना के एक कैप्टन मुनीब जमाल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह पूरे आत्मविश्वास के साथ यह सफेद झूठ बोल रहा है कि पाकिस्तानी मिसाइलों ने दस मई को भारत के दो बड़े एयरबेस को सफलतापूर्वक तबाह कर दिया है।
वीडियो में सैन्य अधिकारी कह रहा है कि उन्हें राजौरी एयरबेस और मामून एयरबेस को निशाना बनाने का लक्ष्य मिला था। उसने दावा किया कि उसकी मिसाइलों ने दोनों ठिकानों पर सटीक मार की है। मुनीब ने लॉन्चिंग के समय वहां मौजूद आम नागरिकों को हौसला बढ़ाने वाला बताया।
जानिए क्या है इन कथित ठिकानों की असली सच्चाई
पाकिस्तानी अधिकारी के इस हास्यास्पद दावे की सच्चाई बेहद चौंकाने वाली है। भारत के जम्मू-कश्मीर राज्य में राजौरी नाम का एक जिला जरूर है। लेकिन पूरे राजौरी में भारतीय वायुसेना का कोई भी चालू एयरबेस मौजूद नहीं है। पाकिस्तान का यह दावा पूरी तरह हवाई और फर्जी साबित हुआ।
पाकिस्तानी कैप्टन ने जिस दूसरे ठिकाने यानी मामून एयरबेस का जिक्र किया, वह भी पूरी तरह काल्पनिक है। मामून असल में पंजाब के पठानकोट में स्थित भारतीय सेना की एक मिलिट्री छावनी है। यहां वायुसेना का कोई स्टेशन नहीं है, जिसे मिसाइल से निशाना बनाया जा सके।
भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम की थी साजिश
पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन बुनियान उल मरसूस’ के तहत जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में घुसपैठ की कोशिश की थी। पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार हमले के लिए ‘फतह-1’ गाइडेड रॉकेट दागे थे। भारत के हवाई रक्षा तंत्र ने हरियाणा के सिरसा के ऊपर इसे हवा में ही नष्ट कर दिया था।
पाकिस्तानी मिसाइलों के मलबे हरियाणा के सिरसा, राजस्थान के बाड़मेर और पंजाब के जालंधर के खेतों में बिखरे मिले थे। इसके बाद सितंबर महीने में श्रीनगर की प्रसिद्ध डल झील से भी मिसाइल का मलबा बरामद हुआ था। भारतीय सेना ने पाक के हमलों को नाकाम कर दिया था।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उड़ाया जमकर मजाक
पाकिस्तानी सेना के इस खोखले दावे के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी जमकर खिंचाई शुरू कर दी है। एक्स पर एक यूजर ने लिखा कि गूगल मैप्स और भारतीय वायुसेना मिलकर अब इन काल्पनिक एयरबेस को ढूंढ रहे हैं। पाकिस्तान के झूठ की पूरी दुनिया में थू-थू हो रही है।
एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि ‘फतह-1’ मिसाइल ने इन ठिकानों पर ऐसी मार की कि उनका नामो-निशान ही मिट गया। यूजर्स ने पूछा कि पाकिस्तान का अगला निशाना क्या अटलांटिस शहर होगा? इस वीडियो ने पाकिस्तानी सेना की खुफिया समझ की पोल खोल दी है।
Author: Pallavi Sharma

