Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में 96 वर्षीय शंकर सिंह ने पंचायत चुनाव जीतकर सभी को चौंका दिया है। सुंदरनगर की चनोल पंचायत में उन्होंने उपप्रधान पद पर बड़ी जीत दर्ज की, जबकि उनकी बहू नीलम कुमारी प्रधान चुनी गईं। परिवार की इस दोहरी जीत की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है।
मंगलवार देर रात जैसे ही चुनाव परिणाम घोषित हुए, चनोल पंचायत में जश्न शुरू हो गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का स्वागत किया और मिठाइयां बांटीं। सबसे ज्यादा चर्चा शंकर सिंह की रही, जिन्होंने उपप्रधान पद के चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 172 वोटों के बड़े अंतर से हराया।
उम्र नहीं बनी चुनावी जीत में बाधा
नब्बे वर्ष की उम्र पार करने के बाद भी शंकर सिंह लगातार लोगों के बीच सक्रिय रहे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात की। उनकी सादगी और पुराने सामाजिक संबंधों का असर मतदान में साफ दिखाई दिया। स्थानीय लोग उनकी जीत को जनता के भरोसे और अनुभव की बड़ी जीत मान रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव के पहले चरण में कई दिलचस्प नतीजे सामने आए हैं, लेकिन चनोल पंचायत का परिणाम खास बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी उम्र में चुनाव लड़ना और भारी मतों से जीत दर्ज करना बेहद दुर्लभ है। यही कारण है कि यह जीत अब पूरे सुंदरनगर क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।
कांग्रेस से लंबे समय तक जुड़े रहे शंकर सिंह
शंकर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे हैं। इलाके में उन्हें पुराने और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने वर्षों तक गांव और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक कार्य किए। स्थानीय लोगों का कहना है कि शंकर सिंह हमेशा लोगों के सुख-दुख में शामिल रहे, जिसका फायदा उन्हें चुनाव में मिला।
परिवार को दूसरी बड़ी सफलता तब मिली, जब उनकी बहू नीलम कुमारी प्रधान पद का चुनाव जीत गईं। पंचायत में अब प्रधान और उपप्रधान दोनों पद एक ही परिवार के पास आ गए हैं। गांव के लोग इसे परिवार की मजबूत सामाजिक पकड़ और जनता के भरोसे से जोड़कर देख रहे हैं।
परिवार की राजनीति में लगातार बढ़ रही पकड़
शंकर सिंह का परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय माना जाता है। उनके बेटे भी सुंदरनगर के डैहर वार्ड से जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में पंचायत चुनाव में मिली यह सफलता परिवार के लिए राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण में मंगलवार को 1293 पंचायतों में मतदान हुआ था। अब दूसरे चरण का मतदान गुरुवार को होना है। इस चरण में 1276 पंचायतों के करीब 17.30 लाख मतदाता वोट डालेंगे। तीसरे और अंतिम चरण का मतदान 30 मई को आयोजित किया जाएगा।
Author: Sunita Gupta

