हिमाचल पंचायत चुनाव: लोकतंत्र के उत्सव में उमड़ा जनसैलाब, क्या बुजुर्ग और युवा बदलेंगे गांवों की सरकार का पूरा चुनावी समीकरण?

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया। हाड़ कंपाने वाली ठंड के बावजूद पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। ग्रामीण सरकार चुनने के लिए युवाओं से लेकर बुजुर्गों में भारी उत्साह नजर आ रहा है।

पहले चरण में इतनी पंचायतों के लिए डाले जा रहे वोट

राज्य की कुल 3,754 पंचायतों में से पहले चरण के तहत आज 1,293 पंचायतों में वोट डाले जा रहे हैं। मतदान प्रक्रिया दोपहर तीन बजे तक चलेगी। चुनाव आयोग के नियमानुसार तीन बजे तक जो भी मतदाता लाइन में खड़े रहेंगे, उन सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

बुजुर्गों का जज्बा और निर्विरोध चुनी गई ग्रामीण संसद

लोकतंत्र के इस उत्सव में बरोट पंचायत के वार्ड नंबर 6 की 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला चेत्री देवी ने मतदान कर मिसाल पेश की। वहीं, हमीरपुर की देई का नौण पंचायत में बुजुर्ग जोगिंदर सिंह भी वोट डालने पहुंचे। राज्य में कुल 31,182 पदों में से 10,854 पदों पर प्रतिनिधियों का निर्विरोध चयन हो चुका है।

नियम उल्लंघन के कारण इन क्षेत्रों में चुनाव हुए रद्द

मंडी जिला के एक वार्ड सदस्य का चुनाव प्रत्याशी के असामयिक निधन के कारण स्थगित करना पड़ा। उधर बिलासपुर की टाली पंचायत में नियमों की अनदेखी के चलते प्रधान पद का निर्वाचन रद्द कर दिया गया। यहां प्रधान पद के लिए एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एक मिड-डे मील वर्कर ने नामांकन दाखिल किया था।

Author: Sunita Gupta

Hot this week

Related Articles

Popular Categories