Himachal News: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए वीरवार को मतदान होगा। प्रदेश की 1276 पंचायतों में 17.30 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मतदान के बाद पंचायत स्तर पर मतगणना भी तुरंत शुरू कर दी जाएगी।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उम्मीदवारों ने गांव-गांव जाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। कई दिनों तक चौपालों, घर-घर संपर्क और छोटी बैठकों के जरिए चुनावी माहौल गर्म रहा। अब सभी प्रत्याशियों की नजर मतदान और मतगणना पर टिकी हुई है। देर रात तक प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के नतीजे सामने आने लगेंगे।
कांगड़ा में सबसे ज्यादा, लाहौल में सबसे कम वोटर
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण में कुल 17 लाख 30 हजार 30 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 8 लाख 74 हजार 416 पुरुष, 8 लाख 55 हजार 597 महिला और 17 अन्य मतदाता शामिल हैं। कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 3 लाख 95 हजार 856 मतदाता मतदान करेंगे, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 8 हजार 875 वोटर हैं।
प्रदेशभर में करीब सात हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मतदान दल भी अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हो चुके हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
कुछ जगहों पर बदला मतदान और मतगणना कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग ने चंबा जिले के तीसा विकासखंड की ग्राम पंचायत समवाल के वार्ड नंबर-2 में मतदान स्थगित कर दिया है। आयोग के मुताबिक पीठासीन अधिकारी ने कुछ मतदाताओं को साथी के साथ मतदान की अनुमति दी, लेकिन जरूरी घोषणा पत्र नहीं भरवाए गए। अब यहां 30 मई को मतदान और 31 मई को मतगणना होगी।
सिरमौर जिले के पच्छाद विकासखंड की ग्राम पंचायत बनाह-धीनी में भी चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। यहां जिला परिषद चुनाव की मतपेटी गलती से पंचायत चुनाव की मतपेटी के साथ बदल गई थी। इसके कारण मतगणना रोकनी पड़ी। बाद में पुलिस सुरक्षा के बीच बुधवार को दोबारा प्रक्रिया पूरी करवाई गई।
पहले चरण में दिखा था भारी मतदान उत्साह
प्रदेश में 26 मई को हुए पंचायत चुनाव के पहले चरण में भी मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया था। पहले चरण में 1293 पंचायतों में मतदान हुआ था। कुल 18 लाख 22 हजार 636 मतदाताओं में से 14 लाख 25 हजार 338 लोगों ने वोट डाले थे। राज्यभर में मतदान प्रतिशत 78.90 दर्ज किया गया था।
निर्वाचन आयोग के अनुसार पहले चरण का मतदान प्रतिशत पिछली पंचायत चुनाव की तुलना में करीब एक फीसदी अधिक रहा। अधिकारियों का मानना है कि इस बार ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की भागीदारी पहले से ज्यादा सक्रिय दिखाई दे रही है। इसी वजह से दूसरे चरण में भी भारी मतदान की उम्मीद जताई जा रही है।
Author: Sunita Gupta

