रेलवे जीएम ने किया खड़गपुर-घाटशिला रूट का औचक निरीक्षण, अमृत योजना से बदलेगी स्टेशनों की सूरत, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Jharkhand News: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने बुधवार को खड़गपुर से घाटशिला रेल खंड का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान विंडो ट्रेलिंग के जरिए परिचालन व्यवस्था, रेल पटरी और सिग्नलों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की।

अमृत योजना से चमकेगा घाटशिला रेलवे स्टेशन

महाप्रबंधक ने घाटशिला रेलवे स्टेशन पहुंचकर अमृत स्टेशन योजना के तहत चल रहे बुनियादी ढांचागत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने, प्रतीक्षालय को आधुनिक बनाने और बेहतर स्वच्छता प्रणाली विकसित करने की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को सभी काम समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

इस बड़े निरीक्षण अभियान के दौरान खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ललित मोहन पांडेय सहित मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग के प्रमुख अधिकारियों ने महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन को भविष्य के नए प्रोजेक्ट्स और चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट सौंपी।

सांसद की मौजूदगी में हुई उच्च स्तरीय बैठक

निरीक्षण पूरा करने के बाद घाटशिला में क्षेत्रीय सांसद विद्युत वरण महतो की मौजूदगी में एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार चंद्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश चरण और चक्रधरपुर के डीआरएम तरुण हुरिया ने हिस्सा लिया।

बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो ने नई रेल परियोजनाओं, ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई अहम सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम क्षेत्र में रेल यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसलिए पुराने बुनियादी ढांचे को सुधारना और आधुनिक तकनीक को अपनाना बेहद जरूरी है।

महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने आश्वस्त किया कि रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और आरामदायक सफर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत प्रमुख स्टेशनों का पूरी तरह कायाकल्प किया जा रहा है। बैठक के बाद महाप्रबंधक और सांसद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए प्रोजेक्ट्स की जानकारी साझा की।

Author: Rohit Mahato

Hot this week

Related Articles

Popular Categories