HP Board ने जारी किया सप्लीमेंट्री परीक्षा शेड्यूल, 10वीं-12वीं छात्रों के लिए आवेदन और फीस नियम घोषित

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून और जुलाई 2026 में होने वाली 10वीं और 12वीं सप्लीमेंट्री, कंपार्टमेंट और अंक सुधार परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने पात्रता, फीस और आवेदन की अंतिम तिथि से जुड़ी पूरी गाइडलाइन जारी करते हुए छात्रों को समय पर फॉर्म भरने की सलाह दी है।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विद्यार्थी सीधे आवेदन नहीं कर सकेंगे। उन्हें अपने संबंधित स्कूल या शिक्षण संस्थान के जरिए ही परीक्षा फॉर्म जमा करना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि इस परीक्षा में किसी भी नए छात्र को शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

लेट फीस के साथ पांच जून तक मौका

बोर्ड के अनुसार अभ्यर्थी बिना विलंब शुल्क के 1 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद छात्रों को 1000 रुपये लेट फीस के साथ 5 जून 2026 तक आवेदन की सुविधा मिलेगी। बोर्ड प्रशासन ने सभी स्कूलों से कहा है कि वे छात्रों के आवेदन तय समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से जमा करवाएं।

मैट्रिक स्तर पर छात्रों को दो सुधार श्रेणियों का विकल्प दिया गया है। ‘एसेंशियल इम्प्रूवमेंट’ श्रेणी में वही छात्र आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने पांच अनिवार्य विषयों में से कम से कम तीन विषय पास किए हों। वहीं, ‘ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट’ श्रेणी उन विद्यार्थियों के लिए होगी जो सभी विषयों में पास हैं लेकिन अपने अंक बेहतर करना चाहते हैं।

10वीं और 12वीं के लिए अलग शुल्क

बोर्ड की गाइडलाइन के मुताबिक 10वीं कंपार्टमेंट और एसेंशियल इम्प्रूवमेंट श्रेणी के लिए 700 रुपये प्रति विषय फीस तय की गई है। ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट श्रेणी में अधिकतम तीन विषयों के लिए 950 रुपये प्रति विषय शुल्क देना होगा। बोर्ड ने छात्रों को आवेदन से पहले पात्रता नियम ध्यान से पढ़ने की सलाह भी दी है।

12वीं स्तर पर कंपार्टमेंट और अतिरिक्त विषय परीक्षा के लिए 700 रुपये प्रति विषय शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, इम्प्रूवमेंट ऑफ परफॉर्मेंस श्रेणी के छात्रों को 1150 रुपये फीस जमा करनी होगी। डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

Author: Sunita Gupta

Hot this week

Related Articles

Popular Categories