Rajasthan News: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले छात्र प्रदीप मेघवाल के पीड़ित परिवार से फोन पर बात की है। राहुल गांधी ने दुखी माता-पिता को ढांढस बंधाया और हर संभव कानूनी और वित्तीय मदद देने का भरोसा दिया।
एनएसयूआई अध्यक्ष ने कराई पीड़ित परिवार की राहुल गांधी से बात
कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सीकर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने वहीं से राहुल गांधी की बात फोन पर प्रदीप के पिता से करवाई। कांग्रेस ने इस भावुक बातचीत का एक वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर भी साझा किया है।
पार्टी ने कहा कि नीट का पेपर लीक होने से आहत होकर सीकर में पढ़ रहे प्रदीप ने सुसाइड कर लिया था। पीड़ित परिवार ने बेटे की कोचिंग के लिए लाखों रुपये का कर्ज लिया था। पेपर लीक माफियाओं ने एक होनहार छात्र के डॉक्टर बनने के सपने को बेरहमी से कुचल दिया।
किराए के कमरे में बहनों के साथ रहकर कर रहा था तैयारी
मृतक छात्र मूल रूप से झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के कनिका की ढाणी गांव का रहने वाला था। वह अपनी दो सगी बहनों के साथ सीकर के जलधारी नगर में किराए पर कमरा लेकर रहता था। पुलिस के अनुसार प्रदीप ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
प्रदीप के पिता राजेश कुमार मेघवाल ने बताया कि उनके बेटे की नीट परीक्षा बहुत अच्छी हुई थी। पूरे परिवार को उम्मीद थी कि प्रदीप को इस मुख्य परीक्षा में करीब 650 अंक मिलेंगे। पीड़ित माता-पिता ने अब सरकार से न्याय और पेपर लीक माफियाओं को सख्त सजा देने की मांग की है।
Author: Manish Rathore


