New Delhi News: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के करोड़ों लाभार्थियों के लिए एक बेहद जरूरी खबर सामने आई है। अगर आप भी खेती-किसानी के लिए सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद की राह देख रहे हैं, तो 23वीं किस्त का यह नया अलर्ट विशेष रूप से आपके लिए ही है। थोड़ी सी भी चूक इस राहत को बीच में ही रोक सकती है।
बीते 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से इस योजना की 22वीं किस्त जारी की थी। उस वक्त देश भर के 9.3 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे दो-दो हजार रुपये भेजे गए थे। अब एक बार फिर किसानों की निगाहें 23वीं किस्त पर टिक गई हैं।
जानिए किस महीने बैंक खाते में क्रेडिट होगा पैसा?
पीएम किसान योजना के नियमों के मुताबिक, सरकार हर साल किसानों को कुल 6,000 रुपये की नकद सहायता देती है। इसे दो-दो हजार रुपये की तीन बराबर किस्तों में बांटा गया है। पहली किस्त अप्रैल से जुलाई, दूसरी किस्त अगस्त से नवंबर और तीसरी किस्त दिसंबर से मार्च के बीच जारी की जाती है।
चूंकि 22वीं किस्त मार्च 2026 में आ चुकी है, इसलिए अब अप्रैल-जुलाई साइकिल की 23वीं किस्त का समय हो गया है। मौजूदा आकलन के अनुसार, जून या जुलाई 2026 के बीच कभी भी यह रकम किसानों के खातों में ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि, कृषि मंत्रालय की तरफ से अभी फाइनल तारीख का ऐलान होना बाकी है।
इन तीन बड़ी गलतियों से तुरंत तौबा कर लें किसान
अक्सर देखा गया है कि घोषणा होने के बाद भी कई किसानों के बैंक खाते में पैसे नहीं आते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह कागजी खामियां होती हैं। अगर आप चाहते हैं कि आपका पेमेंट बिना किसी रुकावट के आए, तो तीन जरूरी शर्तों को आज ही पूरा कर लें। सबसे पहले अपना ई-केवाईसी अपडेट करें।
यह काम आप अपने नजदीकी सीएससी सेंटर जाकर बायोमेट्रिक तरीके से या फिर पीएम किसान पोर्टल पर ओटीपी के माध्यम से घर बैठे कर सकते हैं। दूसरा अहम काम है अपने बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक करना। तीसरा काम भू-सत्यापन है। सरकारी दस्तावेजों में आपके जमीन का वेरिफिकेशन पूरा होना अनिवार्य है।
अपात्र लोगों पर सरकार रख रही है पैनी नजर
सरकार अब इस योजना में पूरी पारदर्शिता बरत रही है और गलत फायदा उठाने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। नियम बिल्कुल साफ हैं कि अगर किसी ने 1 फरवरी 2019 के बाद कृषि भूमि खरीदी है, तो उसे इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। पति-पत्नी दोनों अलग-अलग इस योजना का फायदा नहीं उठा सकते।
आपके खाते में पैसा आएगा या नहीं, इसे जांचने के लिए आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। वहां होमपेज पर ‘Farmers Corner’ में ‘Know Your Status’ पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या पहचान संख्या दर्ज कर कैप्चा कोड भरें। बटन दबाते ही भुगतान की मौजूदा स्थिति सामने आ जाएगी।
Author: Amit Yadav

