Belagavi News: कर्नाटक के बेलगावी में रोड किनारे होटल चलाने वाले रामा हलूरी ने खुदकुशी कर ली। पिछले कई दिनों से उनके होटल को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल रहा था। सिलेंडर की कमी के कारण उन्हें होटल बंद करना पड़ा था। इस दौरान लोन की ईएमआई वाले उन पर दबाव बना रहे थे। परिवार ने दावा किया कि लोन के ब्याज का बोझ न सह पाने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
होटल बंद होने से आमदनी ठप, बढ़ा कर्ज का दबाव
रामाहलूरी कई सालों से ‘हनुमान होटल’ चला रहे थे। होटल बंद होने के बाद उनकी आमदनी कम हो गई थी। वह लोन पर लगने वाला ब्याज और किश्तें नहीं चुका पा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, होटल बंद होने के बाद उनके आर्थिक लेन-देन में उतार-चढ़ाव आया और कर्ज देने वालों का दबाव बढ़ गया। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने परिवार के दावे को बताया अफवाह
बेलगावीजिला पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर गैस सिलेंडर की कमी की वजह से आत्महत्या के परिवार के दावे को गलत बताया है। पुलिस ने इसे महज एक अफवाह करार दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक ने बैंक से 11 लाख रुपये का कर्ज लिया था। उनके होटल का कारोबार पिछले कुछ समय से सही तरीके से नहीं चल रहा था, जिसके चलते वह जबरदस्त तनाव में थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उनके होटल में सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर कोई समस्या नहीं थी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस काकहना है कि वे मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं। परिजनों और जानने वालों से बातचीत की गई है। पता लगाया जा रहा है कि किन कारणों से रामा हलूरी ने यह कदम उठाया। अगर इस मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच जारी है।


