Varanasi News: श्री काशी विश्वनाथ धाम में मंगलवार को एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई। यहां दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु के हैंडबैग से 30 हजार रुपये चोरी हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया है।
सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस ने पकड़ा शातिर गैंग
घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। कर्नाटक की रहने वाली भवानी अपने पति जगजीत के साथ धाम पहुंची थीं। वह भैरव गेट के पास दुकान संख्या 46-बी के पास खड़ी थीं। भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनके बैग से नोटों की गड्डी निकाल ली। बैग हल्का लगने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सुरक्षा प्रभारी दारोगा रामनाथ तिवारी मौके पर पहुंचे। महिला सुरक्षाकर्मियों ने शक के आधार पर तीन महिलाओं को पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि ये कैंट स्टेशन के पास झुग्गी में रहती हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से 44 हजार 640 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस इनसे कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा बरामद, बड़े खुलासे की फिराक में जुटी पुलिस
पकड़ी गई महिलाओं के पास से विदेशी मुद्रा भी मिली है। इसमें 20 रुपये की नेपाली मुद्रा और 30 सऊदी रियाल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पहले भी धाम में चोरी कर चुका है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तारी की बात से साफ इनकार कर रही है। जल्द ही किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।
Author: Ajay Mishra


