New Delhi News: भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए विभिन्न तकनीकी विभागों में जूनियर इंजीनियर (JE) के 4,098 पदों पर सीधी भर्ती के लिए केंद्रीय रोजगार अधिसूचना (CEN) जारी करने की मंजूरी दे दी है।
CRB और CEO की मंजूरी के बाद 35 विभिन्न श्रेणियों में निकलीं रिक्तियां
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह सभी पद पे लेवल-6 के तहत भरे जाएंगे। सीआरबी एवं सीईओ की अंतिम मंजूरी के बाद कुल 35 विभिन्न श्रेणियों में रिक्तियों को हरी झंडी दी गई है। इस भर्ती में सबसे अधिक 845 पद जूनियर इंजीनियर पी-वे के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा वर्क्स, कैरिज एंड वैगन, मैकेनिकल वर्कशाप, डिपो मटीरियल सुपरिटेंडेंट, सिग्नल, सिविल डिजाइन एवं ड्राइंग, इलेक्ट्रिकल टीआरडी तथा केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट के पद शामिल हैं। रेलवे बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शत्रुघ्न बेहरा ने सभी जोन के महाप्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
OIRMS पोर्टल पर 2 से 21 जुलाई तक अपलोड होंगे अंतिम इंडेंट
रेलवे बोर्ड ने सभी जोन और उत्पादन इकाइयों को निर्देशित किया है कि वे ऑनलाइन आइडेंटिंग एंड रिक्रूटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (OIRMS) पोर्टल पर निर्धारित समय सीमा के भीतर अंतिम इंडेंट अपलोड करें। यूनिट्स स्तर पर 2 से 10 जुलाई और नोडल स्तर पर 21 जुलाई तक इंडेंट भरे जाएंगे।
इंडेंट तैयार करते समय एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस सहित सभी संवैधानिक आरक्षण नियमों तथा बैकलाग रिक्तियों का अनिवार्य रूप से ध्यान रखना होगा। भर्ती प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए समान मेडिकल स्टैंडर्ड और शैक्षणिक योग्यता वाले तकनीकी पदों को एक साथ जोड़कर विज्ञापन जारी किया जाएगा।
जानिए किस विभाग में जूनियर इंजीनियर के कितने पदों पर होगी भर्ती
इलेक्ट्रिकल विभाग में डिजाइन ड्राइंग के 41, ईएमयू के 44, जनरल सर्विसेज के 111, टीआरडी के 180 और टीआरएस के 163 पदों समेत अन्य भर्ती होगी। इंजीनियरिंग विभाग में ब्रिज के 44, सिविल डिजाइन के 190, पी वे के 845, ट्रैक मशीन के 60 और वर्क्स के 470 पदों पर चयन किया जाएगा।
मैकेनिकल विभाग में कैरिज एंड वैगन के 450, केमिकल असिस्टेंट के 35, डीजल मैकेनिकल के 45 और वर्कशाप के 436 पदों पर भर्ती होगी। वहीं सिग्नल एंड टेलीकॉम में सिग्नल के 197, टेलीकम्यूनिकेशन के 79 पद शामिल हैं। स्टोर्स विभाग में डिपो मटीरियल सुपरिटेंडेंट के 314 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

