Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 28 दिन के भीतर ही एक नवविवाहित जोड़े ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सात जन्मों तक साथ निभाने का संकल्प सिर्फ 5 दिन के वैवाहिक जीवन के बाद अचानक टूट गया।
मुरार थाना क्षेत्र के हुरावली लिंक रोड की रहने वाली 23 वर्षीय मेघा उर्फ ज्योति की शादी 25 अप्रैल को धूमधाम से हुई थी। मेघा के पिता गुरुवीर सिंह ने बेटी की शादी में काफी पैसा खर्च किया था। शादी के बाद पिंटो पार्क कुंज विहार कॉलोनी निवासी पति सिद्धार्थ कांदिल के साथ मेघा बेहद खुश थी।
शादी के बाद मेघा सिर्फ 5 दिन ही ससुराल में रही और 1 मई को विदा होकर मायके आ गई। इसके बाद 20 मई को दोपहर के समय मेघा ने अपने मायके के कमरे में फांसी लगा ली। उस समय मेघा के पिता एक रिश्तेदार के घर गमी में शामिल होने गए थे।
शादी की मेहंदी छूटने से पहले ही उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
अंतिम संस्कार के समय तक मृतका मेघा के हाथों की मेहंदी भी ठीक से नहीं छूटी थी। इस भयानक सदमे को उसका पति सिद्धार्थ बर्दाश्त नहीं कर पाया। मेघा की मौत के ठीक दो दिन बाद 22 मई को सिद्धार्थ ने भी अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पेशे से ठेकेदार 26 वर्षीय सिद्धार्थ पत्नी की मौत के बाद से बेहद गुमसुम था। शुक्रवार को जब उसके पिता परमाल सिंह ने उसे बेड पर नहीं देखा, तो तलाश शुरू की। बाथरूम अंदर से बंद था और जब दरवाजा तोड़ा गया तो सिद्धार्थ का शव फंदे पर लटका मिला।
रहस्यमयी मौत के पीछे का सच तलाशने में जुटी पुलिस
इस दोहरे सुसाइड मामले में सबसे बड़ा रहस्य यही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिसने दोनों को जान देने पर मजबूर किया। इतने कम समय में हंसते-खेलते परिवार के उजड़ने का जवाब किसी के पास नहीं है। पुलिस अब दोनों परिवारों की काउंसलिंग कर रही है।
मामला नवविवाहित जोड़े की संदिग्ध मौत से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। गोला का मंदिर थाना पुलिस अब दोनों पक्षों के विस्तृत बयान दर्ज करेगी। इसके साथ ही पुलिस दोनों के मोबाइल फोन को खंगालकर मौत की असली वजह तलाश रही है।
Author: Vijay Chouhan

