Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने अवैध खनन माफिया के खिलाफ आधी रात को बड़ा एक्शन लिया है। ब्यास नदी के तटीय क्षेत्र में पुलिस टीम ने छापा मारकर रंगे हाथों जेसीबी मशीन और भारी भरकम टिप्पर को जब्त किया। इस बड़ी कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
ब्यास नदी के किनारे रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी
जिला पुलिस कप्तान अशोक रतन ने इस छापेमारी की पुष्टि की है। लंबागांव थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम ब्यास नदी के किनारे गश्त पर थी। इसी दौरान टीम ने देखा कि एक भारी जेसीबी मशीन धड़ल्ले से नदी का सीना चीरकर अवैध खुदाई करने में जुटी हुई थी।
पुलिस ने जब मौके पर जाकर बारीकी से मुआयना किया, तो वहां एक टिप्पर रेत और बजरी से पूरी तरह ओवरलोड मिला। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करके दोनों वाहनों को रोक लिया। इसके बाद चालकों से खनन से जुड़े परमिट और वैध सरकारी दस्तावेज दिखाने को कहा गया।
लाखों की गाड़ियां जब्त और कोर्ट में पेशी की तैयारी
टिप्पर चालक अजय कुमार और जेसीबी ऑपरेटर अविनाश कुमार मौके पर कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लघु खनिज नियमावली के तहत भारी चालान काटे। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर अदालती कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी कांगड़ा ने दोटूक शब्दों में कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। पर्यावरण संरक्षण के लिए ब्यास नदी के पास गश्त बढ़ाई गई है। पुलिस ने जनता से गुप्त रूप से ऐसे मामलों की जानकारी साझा करने की अपील की है।
Author: Sunita Gupta


