Jamshedpur News: झारखंड की उलीडीह ओपी पुलिस ने मंगलवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर युवक को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष कॉलोनी निवासी विश्वजीत सिंह उर्फ रौकी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शकोसाई लक्ष्मण घाट इलाके से घेराबंदी कर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था आरोपी
उलीडीह पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि एक युवक लक्ष्मण घाट के पास हथियार लेकर घूम रहा है। वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत इलाके में विशेष छापेमारी अभियान चलाया।
पुलिस बल को देखते ही आरोपी रौकी घबराकर तेजी से भागने लगा। लेकिन वहां मुस्तैद जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार मिला।
थाने लाकर जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि वह इलाके में अपना वर्चस्व कायम करना चाहता था। लोगों में डर पैदा करने के लिए उसने बिहार के बक्सर से यह हथियार खरीदा था।
बिहार के बक्सर से तीस हजार में खरीदा था हथियार
आरोपी ने कबूल किया कि उसने बक्सर के एक सप्लायर से करीब 30 हजार रुपये में यह पिस्तौल खरीदी थी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े अंतर्राज्यीय आपराधिक गिरोह से है या नहीं।
उलीडीह पुलिस अब पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क का पता लगा रही है। पुलिस का कहना है कि इस धंधे में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द पकड़ा जाएगा।
पुलिस ने आरोपी रौकी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार को पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद से स्थानीय इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
Author: Raj Thakur

