Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से जातिवादी नफरत और अमानवीय क्रूरता का एक बेहद विचलित करने वाला मामला सामने आया है। सचेंडी इलाके में जातिवादी गुंडों ने सिर्फ नल से पानी पीने और बाल्टी छू लेने पर एक दलित किशोर को बंधक बनाकर बर्बर यातनाएं दीं।
नल से बाल्टी हटाने पर भड़के गांव के दबंग भाई
मिली जानकारी के अनुसार सचेंडी थाना क्षेत्र के संभरपुर झखरा गांव के एक खेत में पिता-पुत्र काम कर रहे थे। इसी दौरान रात में 16 वर्षीय नाबालिग बेटे को तेज प्यास लगी। वह पास के ही एक सरकारी नल पर पानी पीने के लिए चला गया जहां गांव के दो दबंग भाई पानी भर रहे थे।
प्यास बुझाने की कोशिश पर दी जातिसूचक गालियां
किशोर ने पानी पीने के लिए वहां पहले से रखी एक बाल्टी को थोड़ा किनारे हटा दिया। इतनी सी बात पर दोनों जातिवादी भाई गुस्से से आगबबूला हो गए। उन्होंने किशोर को पकड़ लिया और सरेआम जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।
जूते में पानी पिलाया और थूक चटवाने की शर्मनाक हरकत
जातिवादी गुंडों की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। उन्होंने दलित किशोर के कपड़े उतार दिए और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए दबंगों ने पीड़ित को जबरन जूते में पानी पिलाया। इसके बाद उन्होंने जूते पर थूककर उसे चाटने के लिए मजबूर किया।
बचाने आए पिता पर भी जानलेवा हमला, तोड़ दीं पसलियां
मासूम बेटे की चीख-पुकार सुनकर जब बेबस पिता मौके पर उसे बचाने पहुंचा, तो आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर मारपीट में पिता की दो से तीन पसलियां टूट गईं। वहीं गंभीर चोटों के कारण पीड़ित बेटे का हाथ भी फ्रैक्चर हो गया है।
सरकारी अस्पताल में भर्ती और चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
परिजनों ने दोनों घायलों को तुरंत कानपुर के उर्सला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर दो सगे भाइयों और उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसीपी पनकी खुद संभाल रहे हैं पूरे मामले की कमान
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी पनकी मनोज कुमार सिंह खुद इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस की कई टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
Author: Ajay Mishra


