Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के निवाड़ी और सिवनी जिलों से बेटियों के खिलाफ अपराध के दो रोंगटे खड़े करने वाले मामले सामने आए हैं। इन वारदातों ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन अब दोनों मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रहा है।
केस वापस लेने के दबाव में छात्रा ने दी जान
पहली झकझोर देने वाली घटना निवाड़ी जिले के सियाखास गांव से सामने आई है। यहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 16 वर्षीय दलित छात्रा ने अपने ही घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी पक्ष उस पर लगातार दबाव बना रहा था।
मंदिर से लौटते समय आरोपी ने की थी छेड़छाड़
पृथ्वीपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि दो दिन पहले पीड़िता अपनी भाभी के साथ मंदिर से लौट रही थी। तभी गांव के ही अभिषेक यादव नाम के युवक ने गलत नीयत से उसे पकड़ लिया था। पीड़िता ने निडर होकर थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार लेकिन परिजनों पर बनाया मानसिक दबाव
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक यादव समेत चार लोगों पर पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। हालांकि जेल जाने के बाद भी आरोपी के परिवार वाले पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे जिससे परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
सिवनी के वीरान रिसोर्ट में नाबालिग से हैवानियत
दूसरी तरफ सिवनी जिले से भी मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। पेंच टाइगर रिजर्व के कर्माझिरी गेट रास्ते पर स्थित एक रिसोर्ट में नाबालिग आदिवासी लड़की को बुलाकर दरिंदगी की गई। आरोपियों ने पहले लड़की को धोखे से बीयर पिलाई और फिर उसके साथ घिनौना काम किया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकित समेत तीन को दबोचा
बरघाट के पुलिस अधिकारी ललित गठरे ने बताया कि इस कुकृत्य को रिसोर्ट मालिक के बेटे अंकित सनोड़िया ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। अंकित की पीड़िता से दो महीने पहले जान पहचान हुई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है।
पॉक्सो और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू
कुरई थाना पुलिस इस बेहद संवेदनशील मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। सरकार ने स्थानीय प्रशासन को पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
Author: Vijay Chouhan


