NEET UG री-एग्जाम देने वाले छात्रों की चमकी किस्मत, बिहार सरकार ने किया सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का बड़ा ऐलान

Bihar News: बिहार सरकार ने नीट-यूजी री-एग्जाम देने जा रहे परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी है। आगामी 21 जून को होने वाली इस दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों के लिए राज्य की सरकारी बसों में सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा। सरकार ने शनिवार को इस महत्वपूर्ण फैसले की आधिकारिक घोषणा की।

राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर कर यह जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने लिखा कि परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बिहार की सभी सरकारी बसों में आवागमन निःशुल्क रहेगा। सरकार के इस कदम से दूर-दराज के छात्रों को आर्थिक मदद मिलेगी।

बस अड्डों और स्टेशनों पर खाने-पीने का विशेष इंतजाम

मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही जिला प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय धार्मिक स्थलों से भी एक भावुक अपील की है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए शुद्ध पेयजल, सत्तू और भोजन आदि की व्यवस्था में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।

हालांकि सरकार ने इस बात की पूरी स्पष्टता नहीं दी है कि मुफ्त बस सेवा केवल परीक्षा के दिन चालू रहेगी या इसके पहले से भी लागू हो जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस बड़ी राहत की घोषणा के साथ ही परीक्षा में शामिल होने वाले सभी युवाओं को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भी दी हैं।

पेपर लीक के बाद अब दोबारा परीक्षा की बारी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए ने चिकित्सा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए बीते 3 मई को नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की थी। इसके बाद देश भर में प्रश्नपत्र लीक होने के गंभीर आरोप लगे और काफी हंगामा हुआ। विवाद बढ़ता देख सरकार ने हाल ही में इस बड़ी परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया था।

इस पूरे संवेदनशील मामले की जांच इस समय केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी सीबीआई की विशेष टीम कर रही है। सरकार ने पारदर्शी तरीके से दोबारा परीक्षा कराने की पूरी तैयारी कर ली है। अब यह री-एग्जाम देश भर में तय कार्यक्रम के अनुसार आगामी 21 जून को आयोजित होने जा रहा है।

Author: Amit Yadav

Hot this week

Related Articles

Popular Categories