यूट्यूबर संग कमरे में थी पत्नी, अचानक धमक पड़ा प्रवासी पति; खौफनाक वारदात से कांपा गोरखपुर

Uttar Pradesh News: गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र के पिपरपाती गांव में रविवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपनी पत्नी के साथ एक यूट्यूबर को कमरे में देखकर पति इस कदर आगबबूला हुआ कि उसने दोनों पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।

इस खूनी संघर्ष में यूट्यूबर की गर्दन पर गंभीर चोट आई है, जबकि पत्नी का सिर फट गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों लहूलुहान घायलों को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया है।

तमिलनाडु से 15 दिन पहले ही लौटा था पति

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पिपरपाती गांव का रहने वाला जितेंद्र निषाद तमिलनाडु में रहकर मजदूरी करता है। वह करीब 15 दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। घर पर उसकी पत्नी गुंजा देवी अकेले रहती थी। रविवार को जितेंद्र किसी निजी काम से घर से बाहर गया हुआ था।

इसी दौरान गुंजा देवी ने अपने परिचित और शिलहटा मुंडेरा के रहने वाले यूट्यूबर कुलदीप शर्मा को अपने घर बुलाया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब जितेंद्र अचानक काम खत्म करके वापस लौटा, तो कमरे का नजारा देखकर उसने अपना आपा पूरी तरह खो दिया।

धारदार हथियार से गर्दन पर किया वार

आरोप है कि जितेंद्र ने गुस्से में घर में रखा धारदार हथियार उठा लिया और कुलदीप पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हथियार का सीधा वार गर्दन पर लगने से कुलदीप तड़पकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने डंडे से अपनी पत्नी गुंजा के सिर पर हमला कर उसे अधमरा कर दिया।

दोनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी भाग निकला। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने घायलों को पहले ब्रह्मपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया।

यूट्यूब वीडियो को लेकर पहले भी हुआ था विवाद

ग्रामीणों के अनुसार, कुलदीप सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी सक्रिय रहता है। कुछ समय पहले जितेंद्र ने इंटरनेट पर अपनी पत्नी और कुलदीप का एक वीडियो देखा था। उस वीडियो को लेकर पति-पत्नी के बीच फोन पर काफी लंबा विवाद और झगड़ा भी हुआ था।

एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पति जितेंद्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष से लिखित तहरीर नहीं मिली है। घटना के समय दंपति के दोनों बच्चे अपने मामा के घर गए हुए थे।

Author: Ajay Mishra

Hot this week

Related News

Popular Categories