कांगो से लौटे युवक में इबोला के लक्षण मिलने से गुजरात में हड़कंप, अहमदाबाद में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

Ahmedabad News: अफ्रीकी देशों में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस को लेकर गुजरात में सतर्कता बढ़ा दी गई है। कांगो से लौटे वडोदरा के 37 वर्षीय युवक में इबोला जैसे लक्षण मिलने के बाद उसे अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीज को आइसोलेशन वार्ड में रखकर जांच शुरू कर दी है।

गुजरात स्वास्थ्य विभाग के अनुसार युवक कांगो से मुंबई पहुंचा था। इसके बाद वह वडोदरा आया। एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच के दौरान उसकी हालत संदिग्ध लगी। मेडिकल टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को अहमदाबाद सिविल अस्पताल भेज दिया। डॉक्टरों ने उसे अन्य मरीजों से अलग विशेष निगरानी में रखा है।

तीन यात्रियों के सैंपल जांच के लिए भेजे

स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंसेरिया ने बताया कि युवक के साथ आए दो अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है। तीनों यात्रियों के रक्त के नमूने लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर सभी को निगरानी में रखा है। फिलहाल संदिग्ध मरीज को 11 दिनों के क्वारंटाइन में रखा गया है।

सरकार ने कहा कि अफ्रीकी देशों, खासकर कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों को देखते हुए गुजरात में स्वास्थ्य तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एयरपोर्ट और अस्पतालों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। मेडिकल टीमों को तुरंत प्रतिक्रिया देने और संदिग्ध मरीजों की पहचान करने के आदेश जारी किए गए हैं।

इबोला वायरस को लेकर बढ़ाई गई निगरानी

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार इबोला वायरस संक्रमित व्यक्ति के शारीरिक संपर्क से तेजी से फैल सकता है। इसके शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, उल्टी और रक्तस्राव शामिल हैं। इसी कारण गुजरात सरकार ने विदेश से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग बढ़ा दी है और अस्पतालों में अलग आइसोलेशन व्यवस्था तैयार की गई है।

अहमदाबाद सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि मरीज की रिपोर्ट आने तक पूरी सावधानी बरती जाएगी। स्वास्थ्य विभाग लगातार संपर्क ट्रेसिंग भी कर रहा है। जिन लोगों का संपर्क संदिग्ध मरीज से हुआ है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि संक्रमण के किसी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

Author: Smit Patel

Hot this week

Related Articles

Popular Categories