Health News: बकरीद पर कुर्बानी के बाद सबसे बड़ी चुनौती ताजा मांस को सही तरीके से संभालने की होती है। हर साल लोग अनजाने में कई गंभीर गलतियां कर बैठते हैं। इन गलतियों के कारण ताजा मांस कुछ ही घंटों में सड़ने लगता है।
कुर्बानी के तुरंत बाद कभी न पकाएं ताजा मांस
एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लोग अक्सर कुर्बानी के तुरंत बाद मांस पका देते हैं। यह सबसे बड़ी भूल साबित होती है। जानवर के कटने के बाद उसका मांस कुछ समय तक काफी सख्त रहता है। तुरंत पकाने से इसका स्वाद पूरी तरह खराब हो जाता है।
सख्त मांस खाने से पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियां भी हो सकती हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक मीट को कुछ घंटों तक आराम देना बेहद जरूरी है। इसके लिए आपको मांस को किसी ठंडी और पूरी तरह हवादार जगह पर सुरक्षित रखना चाहिए।
प्लास्टिक की थैलियों में भूलकर भी न रखें मीट
ज्यादातर लोग मांस कटते ही उसे तुरंत प्लास्टिक की थैलियों में भरकर रख देते हैं। बंद प्लास्टिक बैग के अंदर नमी बहुत तेजी से जमा होने लगती है। यह नमी उमस और गर्मी के साथ मिलकर बैक्टीरिया के लिए एकदम मुफीद माहौल बनाती है।
इस लापरवाही से मांस से भयंकर बदबू आने लगती है। जानकारों के मुताबिक मांस को पहले खुली हवा में पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके लिए मीट को किसी बड़े बर्तन या ट्रे में फैलाकर रखें। जब इसकी गर्मी निकल जाए, तभी इसे फ्रिज में डालें।
फ्रिज में रखते समय फ्रीजर बर्न से बचाएं
फ्रीजर में मीट स्टोर करते समय लोग अक्सर पतली प्लास्टिक का इस्तेमाल करते हैं। इससे मांस पर अजीब से ग्रे रंग के धब्बे पड़ जाते हैं। इसे विज्ञान की भाषा में फ्रीजर बर्न कहते हैं। इससे पूरा मांस सूख जाता है और स्वाद बेस्वाद हो जाता है।
मांस को हमेशा अच्छी क्वालिटी वाले एयरटाइट कंटेनर या मजबूत फ्रीजर बैग में ही स्टोर करें। जमे हुए मांस को बार-बार फ्रीजर से बाहर न निकालें। एक्सपर्ट्स के मुताबिक एक बार बर्फ पिघलने के बाद मांस को दोबारा फ्रीज में कभी नहीं रखना चाहिए।
क्रॉस कंटैमिनेशन और पकाने की सही सावधानी
मांस काटते समय किचन में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। जिस कटिंग बोर्ड पर आपने कच्चा मांस काटा है, उस पर कभी सब्जियां न काटें। ऐसा करने से क्रॉस कंटैमिनेशन का खतरा बढ़ता है और बैक्टीरिया सब्जियों में प्रवेश कर जाते हैं।
अगर आप मीट को बार्बेक्यू कर रहे हैं, तो उसे सीधे तेज आग के संपर्क में न लाएं। जरूरत से ज्यादा जला हुआ या काला पड़ा मांस सेहत के लिए कैंसरकारी और नुकसानदायक होता है। इन आसान नियमों को अपनाकर आप बीमारी से बच सकते हैं।
Author: Asha Thakur


