US सेक्रेटरी मार्को रूबियो के भारत आते ही ईरान ने सोशल मीडिया पर क्यों कसा तीखा तंज?

Delhi News: अमेरिकी विदेश मंत्री (सेक्रेटरी ऑफ स्टेट) मार्को रूबियो शनिवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। उनके भारत की धरती पर कदम रखते ही वैश्विक राजनीति में नया मोड़ आ गया है। ईरान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विवादित टिप्पणी कर उन पर तंज कसा है।

ईरान के इस तंज ने राजनयिक गलियारों में अचानक से सरगर्मी बढ़ा दी है। दोनों लोकतांत्रिक देश पिछले कुछ समय से अपने द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने का प्रयास कर रहे हैं। पिछले साल के मध्य से भारत और अमेरिका के आपसी रिश्तों में कुछ कड़वाहट और मुश्किलें देखी गई थीं।

ईरान ने सोशल मीडिया पर ‘सभ्यता’ शब्द का इस्तेमाल कर घेरा

मुंबई में मौजूद ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रूबियो को सीधे निशाने पर लिया। दूतावास ने मार्को रूबियो के भारत आगमन वाले पोस्ट को री-ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि थोड़ा सीख लो यार, सभ्यता का क्रैश कोर्स मुफ्त में मिल जाएगा।

ईरानी दूतावास की इस एक लाइन की तीखी टिप्पणी के पीछे गहरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल की शुरुआत में ईरान को खुली धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि बात न मानने पर आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी।

चार दिवसीय यात्रा पर भारत के कई प्रमुख शहरों का दौरा करेंगे रूबियो

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो अपनी इस बेहद महत्वपूर्ण चार दिवसीय यात्रा के दौरान कई राज्यों का दौरा करेंगे। वे भारत प्रवास के दौरान नई दिल्ली के अलावा कोलकाता, आगरा और जयपुर भी जाएंगे। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी उनके कोलकाता पहुंचने की पुष्टि की है।

मार्को रूबियो की यह यात्रा ऐसे नाजुक समय पर हो रही है जब ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिश्ते उतार-चढ़ाव से गुजर रहे हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया कि रूबियो भारत के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर बात करेंगे।

Author: Pallavi Sharma

Hot this week

Related Articles

Popular Categories