Uttarakhand News: तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा दशहरा पर्व के पावन अवसर पर एक बड़ा और बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां गंगा नदी में स्नान के दौरान नोएडा का एक युवा पर्यटक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला।
स्थानीय पुलिस ने अचेत युवक को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भिजवाया। हालांकि वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
एसडीआरएफ के प्रभारी निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली और नोएडा से छह दोस्तों का एक दल ऋषिकेश घूमने आया था। यह पूरा ग्रुप थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तपोवन के सच्चा धाम घाट पर स्नान कर रहा था।
स्नान के दौरान एक युवक गंगा के बेहद गहरे पानी में जाकर तैरने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान वह पानी के अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आ गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।
गहरे पानी से डीप डाइवर ने बाहर निकाला, पर टूट चुकी थी सांसें
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डाइविंग टीम तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लापता युवक की तलाश शुरू की। डाइविंग टीम के जांबाज डीप डाइवर अनूप सिंह रावत ने करीब 15 फीट गहरे पानी के नीचे से युवक को ढूंढ निकाला।
बाहर निकालने पर युवक पूरी तरह अचेत अवस्था में था। टीम ने उसे होश में लाने के लिए काफी प्रयास किए लेकिन उसे होश नहीं आया। मुनिकीरेती थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश पांडे ने बताया कि डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया है।
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त 21 वर्षीय चंदन यादव के रूप में की है। वह उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 63 स्थित जितेंद्र कॉलोनी का रहने वाला था। उसके पिता का नाम राम अवतार है। पुलिस ने घटना की सूचना नोएडा में रहने वाले उसके परिजनों को दे दी है।
गाजियाबाद के बहते हुए युवक के लिए देवदूत बनी रेस्क्यू टीम
इसी पावन पर्व पर त्रिवेणी घाट से एक राहत भरी खबर भी सामने आई। यहां गंगा स्नान कर रहा गाजियाबाद का एक अन्य युवक भी अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया था। वह पानी की लहरों के साथ तेजी से आगे बहने लगा था।
घाट पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों और एसडीआरएफ की टीम ने बिना वक्त गंवाए नदी में छलांग लगा दी। रेस्क्यू टीम ने बहाव के बीच से युवक को पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस तरह टीम ने युवक की जान बचाकर उसे नया जीवनदान दिया है।
सुरक्षित बचाए गए युवक की पहचान अवनीश कुमार पुत्र वीरेंद्र के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर का रहने वाला है। प्रशासन ने गंगा दशहरा पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने की अपील की है।
Author: Harish Rawat

