देहरादून के बहुचर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, सहारनपुर से दबोची गई गैंगस्टर की इनामी प्रेमिका

Uttarakhand News: देहरादून के जाखन इलाके में एक साल पहले हुई कारोबारी अजय भटेजा की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजपुर थाना पुलिस ने सुपारी किलर गैंगस्टर राजन उर्फ जैकी की फरार प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

इस हत्याकांड के बाद से ही आरोपी प्रेमिका लगातार पुलिस को चकमा दे रही थी। पुलिस विभाग ने शातिर जैकी और उसकी प्रेमिका पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। इस मामले का मुख्य शूटर और गैंगस्टर राजन उर्फ जैकी पहले ही सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।

सौतेले भाई ने जाखन की कीमती प्रॉपर्टी के लिए दी थी सुपारी

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि 26 मई 2025 को जतिन कुमार ने राजपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी। पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से सबसे पहले मुजफ्फरनगर के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया था।

पुलिस पूछताछ में कुख्यात गैंगस्टर जैकी ने हत्या का बेहद खौफनाक राज उगला था। उसने बताया कि अजय भटेजा के सगे सौतेले भाई अमित भटेजा ने ही इस पूरी हत्या की साजिश रची थी। उसने जाखन स्थित कीमती प्रॉपर्टी में आधा हिस्सा देने के नाम पर हत्या की सुपारी दी थी।

शराब पिलाकर दस्तावेज हड़पने की थी आरोपियों की खौफनाक योजना

योजना के मुताबिक हुमेरा और जैकी अपने एक दोस्त के साथ देहरादून आए थे। अमित भटेजा ने मसूरी रोड से चार बोतल शराब खरीदकर राजन को दी थी। आरोपियों की योजना अजय भटेजा को भारी मात्रा में शराब पिलाकर जाखन और मसूरी की प्रॉपर्टी के सभी कागजात हड़पने की थी।

राजन ने अजय भटेजा को जबरन शराब पिलाई और बार-बार कीमती प्रापर्टी के दस्तावेज मांगे। जब अजय ने कागजात देने से साफ इनकार कर दिया, तब राजन ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। उसने छाती पर चढ़कर तकिए से मुंह दबाकर अजय को मौत के घाट उतार दिया।

सबूत मिटाने के लिए लाश को पंखे से लटकाने की कोशिश की

हत्या को अंजाम देने के बाद जोया और राजन ने मिलकर मृतक अजय के शव को पंखे से लटकाने का असफल प्रयास किया। इसके बाद दोनों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पूरे कमरे की सफाई की। उन्होंने शव को बिस्तर पर लेटाकर चादर से ढक दिया ताकि पुलिस को शक न हो।

गैंगस्टर राजन कमरे में रखे जरूरी दस्तावेज और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ उखाड़ ले गया था। उसने यह सभी सबूत मुख्य साजिशकर्ता अमित भटेजा को सौंप दिए थे। पुलिस अब इस मामले के फरार मुख्य मास्टरमाइंड अमित भटेजा की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Author: Raj Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories