Sikkim News: सिक्किम में भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इससे चुंगथांग में लगभग 150 से 200 पर्यटक फंस गए हैं। जिला कलेक्टर अनंत जैन ने यह जानकारी दी है। गंगटोक से लाचेन और चुंगथांग से लाचेन को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे लाचेन जा रहे पर्यटक चुंगथांग में फंस गए हैं।
आईटीबीपी शिविर और गुरुद्वारे में रखे गए पर्यटक
फंसेहुए पर्यटकों को आईटीबीपी शिविर और गुरुद्वारे में रखा गया है। जिला कलेक्टर का कहना है कि कई स्थानों पर सड़कें जाम हो गई हैं। इस वजह से लाचेन की ओर आवागमन बाधित है। यात्रा की अनुमति तब मिलेगी, जब मार्ग को सुरक्षित घोषित कर दिया जाएगा। प्रशासन पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है।
लाचुंग मार्ग हुआ साफ, पर्यटक वापस भेजे गए
लाचुंग जानेवाली सड़क को साफ कर दिया गया है। वहां से पर्यटकों को सुरक्षित गंगटोक वापस भेज दिया गया है। क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। बचाव दल मौके पर तैनात हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है।
महीने की शुरुआत में भी हुई थी भारी बारिश
गौरतलब हैकि इस महीने की शुरुआत में पाकयोंग, गंगटोक और मंगन जिलों के कई हिस्सों में भीषण आंधी और ओलावृष्टि हुई थी। इससे बिजली लाइनें टूट गईं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गंगटोक जिले में नामली क्षेत्र के पास ट्रांसमिशन लाइन पर तेज आवाज के साथ चिंगारी निकलने की सूचना मिली थी, जिससे निमतर, तोपाखानी और सिंगतम में बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई थी। प्रशासन अब भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


