Gujarat News: गुजरात के मोरबी जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक भयानक घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पति ने बेहद शर्मनाक हरकत की। उसने मकान का किराया न चुका पाने के एवज में अपनी ही पत्नी और मासूम बेटी को हवस के सौदागरों के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
किराया न देने पर मकान मालिक ने किया दुष्कर्म
यह दर्दनाक मामला मोरबी के एक इलाके का है। पीड़ित परिवार पिछले छह महीने पहले ही यहां मजदूरी के लिए आया था। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार आरोपी मकान मालिक दो हजार रुपये का मासिक किराया वसूलने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। आर्थिक तंगी के कारण जब परिवार किराया नहीं दे पाया, तो मकान मालिक ने घिनौनी शर्त रख दी।
आरोपी मकान मालिक ने किराए के बदले महिला और उसकी 13 साल की मासूम बेटी के साथ शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। हैरान करने वाली बात यह है कि लाचार और संवेदनहीन पति ने इस घिनौनी मांग को तुरंत स्वीकार कर लिया। इसके बाद मकान मालिक ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर दोनों का लगातार यौन शोषण किया।
मां की शिकायत के बाद हुआ मामले का खुलासा
इस खौफनाक सिलसिले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित महिला ने हिम्मत जुटाई। उसने अपनी मां को इस पूरी आपबीती और पति की करतूत के बारे में विस्तार से बताया। बेटी की दर्दभरी दास्तान सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता की मां और दादी की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने मुख्य आरोपी मकान मालिक और कलयुगी पति को फौरन गिरफ्तार कर लिया। हालांकि वारदात में शामिल मकान मालिक का एक रिश्तेदार अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घटना के समय बच्ची की उम्र मात्र 13 साल 7 महीने थी। इसलिए आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार रिश्तेदार को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक पति और पिता द्वारा अपनी ही पत्नी और बच्ची का ऐसा सौदा करने की घटना की हर तरफ कड़ी निंदा हो रही है। स्थानीय लोग आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जाए।

