Cricket News: न्यूजीलैंड की स्टार ऑलराउंडर अमेलिया केर ने साउथ अफ्रीका महिला टीम के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में शतकीय पारी खेलकर एक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में लगातार 11 पारियों में 30 या उससे ज्यादा रन बनाए। इस उपलब्धि के साथ वह पुरुष और महिला दोनों में यह रिकॉर्ड अपने नाम करने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।
रोहित-अभिषेक सहित कई दिग्गजों को पीछे छोड़ा
अमेलियाकेर ने चौथे टी20आई मैच में 31 रन बनाकर लगातार 30 प्लस स्कोर का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। पांचवें टी20आई मैच में शतक जड़ने के बाद उन्होंने इस रिकॉर्ड को और भी खास बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका की चमारी अटापट्टू और रोमानिया की रेबेका ब्लेक के नाम था, जिन्होंने लगातार 9 बार ऐसा किया था। पुरुषों में मोहम्मद रिजवान, रोहित शर्मा और अभिषेक शर्मा के नाम लगातार 7 पारियों में 30+ स्कोर का रिकॉर्ड था। केर ने अब इन सभी को पीछे छोड़ दिया है।
लगातार 11 पारियों में बनाए 30 से अधिक रन
अमेलियाकेर ने पिछली 11 पारियों में 140 के स्ट्राइक रेट से 669 रन बनाए हैं। गेंद से भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने इस दौरान कुल 12 विकेट भी लिए हैं। हाल ही में वह महिला टी20आई में फुल आईसीसी सदस्यों में सबसे तेज 1000 रन और 100 विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनीं। यह उपलब्धि उनकी ऑलराउंड क्षमता को दर्शाती है।
केर के दम पर न्यूजीलैंड ने 4-1 से जीती सीरीज
अमेलियाकेर ने पांचवें टी20आई मैच में न्यूजीलैंड को 20 ओवर में 6 विकेट पर 194 रन का स्कोर खड़ा करने में मदद की। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 102 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड ने यह मैच 92 रन से जीत लिया और पांच मैचों की टी20 सीरीज को 4-1 से अपने नाम किया। केर का यह शतक सीरीज जीत का सबसे बड़ा कारण रहा।


