Patna News: पटना पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। चित्रगुप्त नगर और रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 95 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ कर नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
गुजरात और राजस्थान से होता था स्टॉक
जांच में खुलासा हुआ है कि बरामद नशीले इंजेक्शन गुजरात और राजस्थान में तैयार किए गए थे। इन प्रतिबंधित सामग्रियों को थोक में पटना लाया जाता था और फिर यहां के एक ट्रांसपोर्ट गोदाम में स्टोर किया जाता था। इसके बाद, शहर के विभिन्न हिस्सों में छोटे पैडलर्स के जरिए इन्हें युवाओं के बीच सप्लाई किया जाता था।
पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि इस रैकेट में कदमकुआं निवासी रवि और अन्य लोगों की संलिप्तता के प्रमाण मिले हैं। पुलिस के पास उनके बीच हुए पैसों के लेन-देन के पुख्ता सबूत भी मौजूद हैं। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
स्कूटी से शुरू हुई कार्रवाई
चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रामकृष्ण नगर इलाके में नशीली दवाओं की तस्करी हो रही है। मुन्नाचक चौक के पास घेराबंदी कर पुलिस ने एक स्कूटी सवार को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद कार्टन से करीब दो हजार एम्पुल नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। स्कूटी सवार की पहचान सुपौल के मुहम्मद अब्दुल्ला के रूप में की गई।
अब्दुल्ला से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रामकृष्ण नगर स्थित ‘न्यू श्रीराम ट्रांसपोर्ट’ गोदाम पर धावा बोला। वहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई। इस दौरान ऋषि कुमार नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी में कुल 33,500 एम्पुल इंजेक्शन और 3,600 बोतल कफ सिरप शामिल हैं। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त स्कूटी, बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।
Author: Amit Yadav


