Himachal Pradesh News: शिमला पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस थाना नेरवा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेब के एक बगीचे में चल रही अवैध अफीम की खेती का बड़ा भंडाफोड़ किया है।
बगीचे में उगे थे हजारों अफीम के पौधे
नेरवा पुलिस की एक विशेष टीम इलाके में गश्त और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को ग्राम डोखरा के पास एक सेब के बगीचे में अवैध रूप से अफीम उगाने की सटीक जानकारी मिली। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंचकर सघन छापेमारी शुरू कर दी।
पुलिस की जांच में करीब 20 बिस्वा भूमि पर अवैध रूप से उगाई गई अफीम की एक बड़ी फसल मिली। इस जमीन पर अफीम के कुल 2185 हरे-भरे पौधे लहलहा रहे थे। पुलिस टीम ने तुरंत कानूनी कानूनी प्रक्रिया शुरू की और 10 अफीम के पौधों को सबूत और सैंपल के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बाकी बचे 2175 अफीम के पौधों को मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस बड़ी कार्रवाई से इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस पूरी बरामदगी के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जमीन मालिक पर कसेगा कानून का शिकंजा
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच तेज कर दी है। पुलिस ने संबंधित राजस्व विभाग को इस जमीन की सटीक डिमार्केशन यानी पैमाइश के लिए एक आधिकारिक आवेदन भी भेज दिया है ताकि जमीन के असली मालिक का पता चल सके।
राजस्व विभाग से जमीन की रिपोर्ट मिलते ही दोषी भूमि स्वामी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शिमला पुलिस ने साफ किया है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध नशे के कारोबार और उसकी खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Author: Sunita Gupta

