Crime News: कलयुगी मां की हैवानियत, मायके जाने के विवाद में मासूम बेटी का घोंटा गला

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद के चलते एक मां अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की कातिल बन गई। इस खौफनाक कदम ने हर किसी को हैरान कर दिया है।

जालौन के आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा गांव में रहने वाला राजकुमार मजदूरी करता है। उसकी पत्नी विनीता पिछले कुछ दिनों से जालौन स्थित अपने मायके जाने की जिद पर अड़ी थी। घर की माली हालत ठीक न होने के कारण पति ने उसे कुछ दिन रुकने के लिए कहा था।

मायके जाने के विवाद में खौफनाक वारदात

पैसे न होने की बात पर दोनों के बीच पिछले एक हफ्ते से लगातार झगड़ा हो रहा था। गुरुवार रात को भी इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसके बाद परिवार के सभी लोग सोने चले गए। पति अपने दोनों बेटों के साथ दूसरी चारपाई पर गहरी नींद में सो रहा था।

देर रात गुस्से में अंधी हो चुकी विनीता ने खौफनाक कदम उठाया। उसने अपनी चार साल की सोती हुई बेटी नैना का गमछे से गला दबा दिया। मासूम बच्ची अपनी जान बचाने के लिए तड़पती रही, लेकिन कलयुगी मां का दिल नहीं पसीजा और बच्ची ने दम तोड़ दिया।

मासूम बेटे ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया वीडियो

इस पूरी वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि मृत बच्ची का दस वर्षीय भाई उमंग अचानक जाग गया था। अपनी मां को ऐसा करते देख वह बुरी तरह डर गया। उसने हिम्मत दिखाकर मोबाइल फोन उठाया और अपनी मां की इस हैवानियत का वीडियो बना लिया।

अचानक बिजली चले जाने से परिवार के बाकी सदस्यों की नींद खुली। पिता ने जब बेटी नैना को जमीन पर बेजान पड़ा देखा तो कोहराम मच गया। इसके बाद जब मासूम बेटे ने मोबाइल में रिकॉर्ड वीडियो के बारे में बताया, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि

ग्रामीणों की सूचना पर आटा थाना प्रभारी अजय सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉक्टरों की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत गला घोंटने और गले की हड्डी टूटने से हुई है।

पुलिस ने आरोपी मां विनीता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मासूम बेटे द्वारा बनाए गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग सन्न हैं।

Author: Ajay Mishra

Hot this week

Related Articles

Popular Categories