Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरे नाले में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक 24 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई है।
हादसे के समय कार में युवती के माता-पिता, मासी और नानी भी सवार थीं। ये सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक दुर्घटना के मुख्य कारणों का पता नहीं चल पाया है।
साधुपुल के पास दोची में हुआ दर्दनाक हादसा
यह भीषण हादसा कंडाघाट के साधुपुल के पास दोची नामक स्थान पर पेश आया है। कार सवार सभी पांच लोग शिमला जिले के कोटी गांव के रहने वाले हैं। कार के खाई में गिरने की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को गहरी खाई से बाहर निकाला। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी आई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए शिमला रेफर कर दिया है। मृतक युवती की पहचान पूजा पुत्री तोता राम के रूप में हुई है। घायलों की पहचान तोता राम, कौशल्या और सुनिता के रूप में हुई है।
सोलन में लगातार दूसरे दिन हुआ बड़ा हादसा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोलन जिले में लगातार दूसरे दिन यह बड़ा हादसा हुआ है। इससे पहले सोमवार शाम को भी परवाणू के पास जंगेशु मार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई थी।
परवाणू हादसे में चंडीगढ़ निवासी अभिनव (26) की जान चली गई थी। उस कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायल युवकों की पहचान विशाल, नरेश और वसार के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ के रहने वाले हैं।
Author: Sunita Gupta

