Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर दिल दहला देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां छपरा से चलकर लखनऊ पहुंची छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15114) के स्लीपर कोच में एक लावारिस बक्से और बैग से एक अज्ञात युवती का शव टुकड़ों में मिलने से हड़कंप मच गया है।
राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, किसी शातिर अपराधी ने एक युवती की निर्मम हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसके शव के कई टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके बाद उन टुकड़ों को एक बड़े बक्से और बैग में भरकर ट्रेन की स्लीपर बोगी के भीतर छिपाकर रख दिया।
रविवार को जब यह एक्सप्रेस ट्रेन गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त कर सफाई के लिए वाशिंग लाइन में गई, तब इस खौफनाक सच का खुलासा हुआ। वाशिंग लाइन में काम करने वाले रेल कर्मचारी ने बोगी में लावारिस बक्सा और बैग देखा, जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय जीआरपी को दी गई।
लावारिस बक्सा और बैग खोलते ही उड़ गए पुलिस के होश
रेलवे पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर संदिग्ध बक्से और बैग को खोला, तो उसके भीतर का भयानक मंजर देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। बैग के भीतर करीब 30 से 35 साल की उम्र की एक अज्ञात युवती का शव कई टुकड़ों में काटा हुआ भरा गया था।
जीआरपी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने घटना की गंभीरता को देखते हुए बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। ये टीमें छपरा से लेकर लखनऊ के बीच आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए रवाना हो चुकी हैं।
पुलिस टीमें यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस भारी बक्से और बैग को किस स्टेशन से ट्रेन के भीतर चढ़ाया गया था। फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव के टुकड़ों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी शिनाख्त करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।
Author: Ajay Mishra

