बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, मशीन और ऑनलाइन बिल की राशि में अंतर पर बोर्ड ने दी बड़ी सफाई

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद जरूरी और काम की खबर सामने आई है। राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड ने अप्रैल महीने के बिलों को लेकर स्थिति साफ की है। बोर्ड के अनुसार इस बार मशीन से निकले बिल और ऑनलाइन बिल में अंतर दिख सकता है।

बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं से एक विशेष अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि लोग बिल का भुगतान करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर राशि का मिलान जरूर कर लें। बिजली विनियामक आयोग ने हाल ही में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक नया टैरिफ आदेश जारी किया था।

नए टैरिफ आदेश और संशोधित सबसिडी के कारण आया अंतर

आयोग के फैसले के बाद राज्य सरकार ने पहली अप्रैल को सबसिडी की अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद चार अप्रैल को घरेलू और कृषि क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए संशोधित सबसिडी दरें लागू की गईं। ये सभी नई दरें पूरे प्रदेश में पहली अप्रैल से प्रभावी हो चुकी हैं।

बिजली बोर्ड के अनुसार मौजूदा बिलों में मार्च और अप्रैल दोनों महीनों की कुल बिजली खपत को जोड़ा गया है। इसी कारण मार्च महीने की खपत का आकलन पुरानी दरों के आधार पर हुआ है। जबकि अप्रैल महीने की बिजली खपत पर नई सबसिडी और टैरिफ दरें लगाई गई हैं।

इस नई व्यवस्था को बिजली बोर्ड ने अपनी ऑनलाइन प्रणाली में पूरी तरह अपडेट कर दिया है। इसी बदलाव की वजह से ऑन-स्पॉट बिलिंग मशीन से निकलने वाले बिल और आधिकारिक पोर्टल पर दिखने वाले बिलों में तकनीकी तौर पर अंतर देखने को मिल रहा है।

वेबसाइट और ऐप पर सही बिल जांचने की सलाह

उपभोक्ता अब बिजली बोर्ड के मोबाइल ऐप, उपभोक्ता पोर्टल या नजदीकी सब-डिवीजन कार्यालयों में जाकर अपना संशोधित बिल देख सकते हैं। बिजली बोर्ड के मुख्य अभियंता इंजीनियर शमशेर सिंह नेगी ने इस संबंध में एक आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर पूरी स्थिति साफ की है।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं को किसी भी तरह के भ्रम या शिकायत से बचने के लिए ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी है। बोर्ड इस नई बिलिंग व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने में जुटा है ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को कोई असुविधा न हो।

Author: Sunita Gupta

Hot this week

Related Articles

Popular Categories