Bangladesh News: बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 40 यात्रियों से भरी बस फेरी पर चढ़ते वक्त अनियंत्रित होकर पद्मा नदी में जा गिरी। इस हादसे में कई महिलाओं समेत 23 लोगों की मौत हो गई। कई यात्रियों के अब भी लापता होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
यूटिलिटी फेरी से टक्कर के बाद बस नदी में गिरी
प्रारंभिक जानकारीके अनुसार, ढाका जा रही बस जैसे ही फेरी पर चढ़ रही थी, तभी एक यूटिलिटी फेरी ने उसे टक्कर मार दी। अचानक हुए जोरदार झटके से चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे नदी में समा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने तैरकर अपनी जान बचाई, जबकि कई को स्थानीय लोगों और बचावकर्मियों ने बाहर निकाला।
करीब 30 फीट गहराई में डूबी बस, 6 घंटे में निकाला गया
घटनास्थल पर मौजूद अग्निशमन सेवाअधिकारी सोहेल राणा ने बताया कि बचाव पोत ‘हमजा’ ने अपनी क्रेनों की मदद से बस को बाहर निकाला। गोताखोरों ने इससे पहले 50 के दशक के अंत या 60 के दशक की शुरुआत की दो महिलाओं के शव बरामद किए। खराब मौसम के बीच छह घंटे के प्रयासों के बाद बुधवार आधी रात के आसपास बस को बाहर निकालते समय 14 अन्य लोगों के शव भी मिले।
राहत-बचाव अभियान जारी
करीब 30 फीट गहराई मेंडूबी बस को निकालने के लिए गोताखोरों के साथ अतिरिक्त टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुल 23 शव बरामद किए गए हैं। मृतकों में कई महिलाएं शामिल हैं। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह क्षेत्र नदी पार करने के लिए प्रमुख रूट है और यहां पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं।


