बरेली में सनसनीखेज वारदात! दूसरे प्रेमी के फोटो देख बौखलाए अशोक ने की प्रेमिका की हत्या, मुठभेड़ के बाद अरेस्ट

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी प्रेमिका के मोबाइल में दूसरे युवक के फोटो देखकर बौखलाए एक सिरफिरे प्रेमी ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस गिरफ्त में आए हत्यारे की पहचान रामपुर निवासी अशोक गंगवार के रूप में हुई है। आरोपी हत्या करने के बाद मृतका के घर जाकर परिजनों को गुमराह भी करता रहा।

पुराना परिचित होने की वजह से छात्रा के घरवालों को शुरुआत में अशोक पर बिल्कुल शक नहीं हुआ। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की सघन जांच ने आरोपी के इस खौफनाक झूठ की पूरी पोल खोलकर रख दी। मृतका के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है।

मोबाइल में दूसरे युवक की तस्वीरें देख रची हत्या की साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी अशोक ने बताया कि 13 से 15 मई के बीच उसकी प्रेमिका का डीएलएड का पेपर फरीदपुर में था। वह अपनी बाइक से उसे परीक्षा दिलाने ले गया था। परीक्षा कक्ष में जाने से पहले छात्रा अपना मोबाइल अशोक को सौंप गई थी, जिसे चेक करने पर सारा विवाद शुरू हुआ।

अशोक ने जब मोबाइल देखा, तो उसमें छात्रा की किसी दूसरे युवक के साथ कई तस्वीरें थीं। खुद को धोखा दिए जाने की बात से नाराज होकर उसने तुरंत हत्या की पूरी साजिश रच डाली। 15 मई को आखिरी पेपर खत्म होने के बाद वह छात्रा को अपनी बाइक पर बैठाकर सीबीगंज इलाके की तरफ ले गया।

वहां सुनसान खेतों में बाइक रोककर उसने दूसरे प्रेमी के बारे में पूछताछ शुरू की। इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट होने लगी। गुस्से में आकर अशोक ने अपने ही दुपट्टे से गला दबाकर छात्रा को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज

बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सीबीगंज क्षेत्र के कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज में अशोक अपनी बाइक से छात्रा को ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा था। इसी महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल की लोकेशन निकाली, तो वह भी सीधे घटनास्थल पर ही पाई गई।

पुख्ता सबूत मिलने के बाद रविवार शाम पुलिस टीम ने सीबीगंज क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपी को घेर लिया। खुद को घिरता देख अशोक ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्परता से दबोच लिया गया।

Author: Ajay Mishra

Hot this week

Related News

Popular Categories