Himachal Pradesh News: भारत अपनी अद्भुत भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। हमारे देश में ऐतिहासिक इमारतों से लेकर हरे-भरे पहाड़, नदियां और खूबसूरत झरने मौजूद हैं। यही वजह है कि सात समंदर पार से विदेशी पर्यटक भी यहां खींचे चले आते हैं।
भारत में कुछ ऐसी जादुई जगहें हैं जो दुनिया के सबसे बेहतरीन टूरिस्ट स्पॉट्स को टक्कर देती हैं। इन खूबसूरत मंजिलों में इतिहास की अनूठी कहानियां छुपी हुई हैं। हिमालय की गोद में एक ऐसा ही मनमोहक हिल स्टेशन बसा है, जिसका पूरा कल्चर बिल्कुल इंग्लैंड जैसा महसूस होता है।
हिमाचल की राजधानी को क्यों कहते हैं ‘लिटिल इंग्लैंड’?
औपनिवेशिक दौर की शानदार वास्तुकला और पहाड़ों के मनोरम दृश्य इस खूबसूरत जगह को बेहद खास बनाते हैं। यह रोमांटिक डेस्टिनेशन कपल्स के बीच बहुत लोकप्रिय है। लोग इसे भारत का ‘लिटिल इंग्लैंड’ कहते हैं। दरअसल, हम हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत राजधानी शिमला की बात कर रहे हैं।
शिमला का माल रोड और द रिज का मुख्य क्षेत्र पर्यटकों को सीधे यूरोप की वादियों का अहसास कराता है। ब्रिटिश काल में अंग्रेज अधिकारी मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से बचने के लिए यहां आते थे। उन्होंने शिमला को अपनी समर कैपिटल यानी ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया था।
अंग्रेजों ने इस शहर को यूरोपीय शैली से प्रेरित होकर विकसित किया था। उन्होंने यहां ब्रिटिश वास्तुकला के आधार पर सुंदर घर, सरकारी दफ्तर और सार्वजनिक स्थल बनाए। इसी वजह से शिमला की लाइफस्टाइल और बनावट में आज भी ब्रिटिश संस्कृति की गहरी झलक साफ दिखाई देती है।
शिमला में मौजूद है ब्रिटिश इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना
शिमला की ऐतिहासिक इमारतें जैसे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी (वाइसरीगल लॉज) और गॉर्टन कैसल पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। इसके अलावा क्राइस्ट चर्च की प्राचीन वास्तुकला भी इंग्लैंड के चर्च जैसी दिखती है। यहां की प्रसिद्ध कालका-शिमला टॉय ट्रेन ब्रिटिश इंजीनियरिंग का एक बेजोड़ नमूना है।
सात पहाड़ियों पर बसे इस शहर को लोग ‘क्वीन ऑफ हिल्स’ यानी पहाड़ों की रानी भी कहते हैं। यहां का सुहाना मौसम और स्थानीय लाइफस्टाइल पर्यटकों का दिल खुश कर देती है। अगर आप शिमला घूमने का मन बना रहे हैं, तो मई और जून का समय सबसे मुफीद माना जाता है।
गर्मियों में यहां का तापमान 15°C से 30°C के बीच रहता है, जिससे मौसम सुहावना बना रहता है। सर्दियों में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए दिसंबर से फरवरी के बीच जाना सबसे अच्छा रहता है। दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा शिमला की दूरी करीब 341 किलोमीटर है।
Author: Sunita Gupta

