प्रयागराज संगम पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, अब नहीं होगी अवैध वसूली, बदलेगी पूरे क्षेत्र की सूरत

Uttar Pradesh News: प्रयागराज के पावन त्रिवेणी संगम पर आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए योगी सरकार बड़ा कदम उठा रही है। सरकार अब तीर्थयात्रियों को सालभर विश्वस्तरीय सुविधाएं देगी। इसके लिए प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने संगम, बड़े हनुमान मंदिर और अक्षयवट कॉरिडोर के आसपास एक विशाल समग्र विकास योजना तैयार की है।

गाड़ियों की पार्किंग में मनमानी वसूली पर लगेगा अंकुश

इस नई महायोजना का सबसे बड़ा मकसद पर्यटकों और श्रद्धालुओं से वाहनों की पार्किंग के नाम पर होने वाली अवैध वसूली को पूरी तरह रोकना है। मेला क्षेत्र में मुख्य आयोजनों के बाद करीब 10 महीने तक छावनी परिषद पार्किंग का ठेका संचालित करता है। इसके टेंडर की आड़ में कुछ दबंग लोग मनमानी करते हैं।

अवैध रूप से वसूली करने वाले लोग परेड ग्राउंड से लेकर बांध के नीचे और हनुमान मंदिर के पास तीर्थयात्रियों को परेशान करते थे। वे बड़ी बस से 200 रुपये, मिनी बस से 100 रुपये और कार चालकों से जबरन 50 रुपये वसूलते थे। इस गंभीर मामले की शिकायतें लगातार उच्चाधिकारियों तक पहुंच रही थीं।

उपमेलाधिकारी विवेक शुक्ला ने बताया कि इस समस्या को खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्राधिकरण अब पूरे क्षेत्र में पार्किंग का स्थान बिल्कुल निश्चित करेगा। इसके साथ ही पार्किंग की दरें तय होंगी और जनता की जानकारी के लिए जगह-जगह बड़े रेट बोर्ड लगाए जाएंगे।

भोजन पकाने के लिए अलग स्थान और फूड कोर्ट की सुविधा

संगम में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अक्सर खुले में ही भोजन पकाते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन अब उनके लिए विशेष स्थल निर्धारित करने जा रहा है। इन चिह्नित स्थानों पर बिजली और पानी के साथ-साथ खाना पकाने के बर्तनों का भी पूरा प्रबंध प्रशासन खुद करेगा।

इस पूरी समग्र विकास योजना के तहत हनुमान मंदिर के आसपास व्यापक स्तर पर पौधारोपण होगा। लोगों के आराम के लिए पेड़ों के नीचे सुंदर बेंच लगेंगी। पूरे क्षेत्र को आकर्षक रोशनी और सुंदर पेंटिंग से सजाया जाएगा। साथ ही प्रमुख मार्गों और पिलरों पर ऐतिहासिक शिलालेख भी लगाए जाएंगे।

इस कायाकल्प योजना में प्रयागवाल और घाटिया कॉलोनी का सौंदर्यीकरण भी शामिल है। इसके अलावा पर्यटकों की सहूलियत के लिए वेंडिंग जोन, फूड कोर्ट और ड्रॉप ऑफ जोन बनेंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए कई तरह की मनोरंजक गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।

Author: Ajay Mishra

Hot this week

Related Articles

Popular Categories