Chrome यूजर्स पर मंडरा रहा बड़ा साइबर खतरा, CERT-In की चेतावनी के बाद तुरंत करें ये जरूरी अपडेट

Delhi News: भारत में करोड़ों Google Chrome यूजर्स के लिए बड़ी साइबर चेतावनी जारी हुई है। सरकारी एजेंसी CERT-In ने Chrome ब्राउजर में गंभीर सुरक्षा खामियों का खुलासा किया है। एजेंसी ने कहा कि हैकर्स इन कमजोरियों का फायदा उठाकर सिस्टम हाईजैक कर सकते हैं, डेटा चुरा सकते हैं और डिवाइस को पूरी तरह क्रैश कर सकते हैं।

मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड आईटी के तहत काम करने वाली इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने अपनी नई एडवाइजरी में कहा कि Windows, Mac और Linux प्लेटफॉर्म पर चलने वाले Google Chrome डेस्कटॉप वर्जन प्रभावित पाए गए हैं। एजेंसी ने इस खतरे को ‘क्रिटिकल’ कैटेगरी में रखा है और तुरंत अपडेट की सलाह दी है।

इन Chrome वर्जन में सबसे ज्यादा खतरा

CERT-In के अनुसार Linux के लिए 148.0.7778.178 से पुराने Chrome वर्जन और Windows तथा Mac के लिए 148.0.7778.178/179 से पुराने वर्जन सबसे ज्यादा जोखिम में हैं। एजेंसी ने कहा कि इन कमजोरियों का फायदा उठाकर रिमोट अटैकर मनमाना कोड चला सकते हैं और सिक्योरिटी सिस्टम को बायपास कर सकते हैं।

रिपोर्ट में बताया गया कि Chrome के WebRTC, GPU, QUIC, XR और अन्य ब्राउजर कंपोनेंट्स में कई तकनीकी खामियां मिली हैं। इनमें Use-after-free जैसी कमजोरियां शामिल हैं। साइबर अपराधी किसी यूजर को खास लिंक या खतरनाक वेबसाइट खोलने के लिए फंसा सकते हैं और फिर सिस्टम पर हमला कर सकते हैं।

डेटा चोरी और सिस्टम क्रैश का खतरा

साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, इन कमजोरियों के जरिए हैकर्स संवेदनशील जानकारी चुरा सकते हैं। इसके अलावा मैलवेयर इंस्टॉल करना, सिस्टम का कंट्रोल हासिल करना और डिनायल ऑफ सर्विस यानी DoS अटैक करना भी संभव हो सकता है। कई मामलों में यूजर को केवल एक संदिग्ध लिंक खोलना ही भारी नुकसान पहुंचा सकता है।

CERT-In ने साफ कहा कि व्यक्तिगत यूजर्स के साथ-साथ कंपनियां और संगठन भी इस खतरे की जद में हैं। हालांकि Google ने इन कमजोरियों को ठीक करने के लिए नया सिक्योरिटी अपडेट जारी कर दिया है। यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे बिना देरी किए अपने Chrome ब्राउजर को अपडेट करें।

कुछ मिनट में ऐसे करें Chrome अपडेट

Chrome अपडेट करने के लिए यूजर्स को सबसे पहले ब्राउजर की Settings में जाना होगा। इसके बाद About Chrome सेक्शन खोलते ही ब्राउजर अपने आप नया अपडेट चेक करेगा। लेटेस्ट वर्जन डाउनलोड होने के बाद यूजर्स को ब्राउजर रीस्टार्ट करना होगा। इससे नई सिक्योरिटी पैच तुरंत एक्टिव हो जाएगी।

Author: Mohit

Hot this week

Related Articles

Popular Categories