Uttar Pradesh News: झांसी के कटेरा थाना क्षेत्र में 13 साल की नवविवाहिता की मौत ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। किशोरी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। शादी को अभी 26 दिन ही हुए थे। हालत बिगड़ने पर परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
मामला कचनेव गांव का है। परिवार के मुताबिक किशोरी का गांव के ही 18 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। परिजनों ने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन लड़की लगातार उसी युवक से शादी की जिद करती रही। इसके बाद 30 अप्रैल को दोनों की शादी करवा दी गई थी।
भंडारे में जाने से पहले बिगड़ी तबीयत
शादी के बाद किशोरी अपने पति के साथ मायके आई हुई थी। सोमवार रात गांव में भंडारे का आयोजन था। घर के बाकी लोग वहां चले गए थे। उसी दौरान लड़की और उसका पति भी तैयार हो रहे थे। तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और पेट में तेज दर्द उठा।
इसके बाद वह अपनी मां के पास पहुंची और बताया कि उसने दवाई खा ली है। यह सुनते ही परिवार घबरा गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन जहर शरीर में फैल चुका था। कुछ देर बाद किशोरी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में सामने आई असली उम्र
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में परिवार ने लड़की की उम्र 18 साल बताई थी। हालांकि जांच के दौरान पुलिस ने आधार कार्ड की जांच की। दस्तावेज में उसकी उम्र 13 साल दर्ज मिली। पति ने भी पुलिस के सामने यही उम्र बताई।
पति ने पुलिस को बताया कि किशोरी पिछले साल पिता की मौत के बाद मानसिक तनाव में रहती थी। वह अक्सर अपने पिता को याद कर रोती थी। फिलहाल परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। इसके बावजूद पुलिस नाबालिग शादी और मौत के मामले की जांच कर रही है।
Author: Ajay Mishra

