होटल की आड़ में चल रहा था अफीम का खेल, नागपुर पुलिस के खुलासे से सिमडेगा में मचा हड़कंप

Jharkhand News: महाराष्ट्र और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय अफीम तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सिमडेगा के चर्चित होटल अंतरा के मालिक मनीष कुमार के घर से 33.767 किलोग्राम अवैध अफीम और 23.35 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार जब्त अफीम, नकदी और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 1.92 करोड़ रुपये आंकी गई है। छापेमारी के दौरान ड्रग्स पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पॉलिथीन और भारी मात्रा में रबर बैंड भी मिले। जांच एजेंसियों को शक है कि यहां से छोटे पैकेट बनाकर कई राज्यों में सप्लाई होती थी।

ट्रक चालक की गिरफ्तारी से खुला राज

पूरे मामले की शुरुआत 20 मई को महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण इलाके से हुई। नारकोटिक्स विरोधी टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक ट्रक चालक को रोका। तलाशी में उसके पास से 237.17 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद उमरेड थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान ट्रक चालक से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह सिमडेगा के होटल अंतरा से अफीम खरीदता था। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि कई तस्कर इसी होटल से माल लेकर दूसरे राज्यों तक सप्लाई करते हैं। इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की।

सिमडेगा पहुंचकर बिछाया गया गोपनीय जाल

नागपुर ग्रामीण की एनडीपीएस टीम आरोपी चालक को लेकर 24 मई को सिमडेगा पहुंची। स्थानीय पुलिस और ठेठईटांगर थाना की मदद से संयुक्त अभियान चलाया गया। जांच के दौरान चालक ने होटल अंतरा के मालिक मनीष कुमार की पहचान की। पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने भंडारटोली स्थित उसके घर पर छापा मार दिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अंदर और पीछे की बाड़ी में छिपाकर रखी गई 33.767 किलोग्राम अफीम मिली। अधिकारियों के मुताबिक इसकी सरकारी कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये है। पुलिस ने मौके से 23.35 लाख रुपये नकद भी जब्त किए। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार की गई।

पैकेजिंग सामग्री मिलने से बढ़ा शक

जांच टीम को आरोपी के ठिकाने से इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, पारदर्शी पॉलिथीन और बड़ी संख्या में रबर बैंड मिले। पुलिस का मानना है कि अफीम को छोटे पैकेट में तैयार कर खुदरा स्तर पर बेचा जाता था। बरामद सामग्री से संगठित ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की आशंका और मजबूत हुई है।

एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि इस कार्रवाई में नागपुर ग्रामीण पुलिस, सिमडेगा थाना और ठेठईटांगर थाना की टीमों ने अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है।

Author: Rohit Mahato

Hot this week

Related Articles

Popular Categories