France News: फ्रांस से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। एक बैंक मैनेजर पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी को सात वर्षों तक यौन शोषण और अमानवीय यातनाओं का शिकार बनाया। आरोपी पत्नी को कई पुरुषों के पास भेजता था और विरोध करने पर उसे बुरी तरह प्रताड़ित करता था।
मामले में आरोपी की पहचान 51 वर्षीय गुइलॉमे बुकी के रूप में हुई है। उसकी पत्नी लएटीटीया आर ने अदालत में कई गंभीर आरोप लगाए। महिला के अनुसार पति ने पैसों के लिए उसे जबरन वेश्यावृत्ति में धकेल दिया। इस दौरान उसे 500 से अधिक पुरुषों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया।
पत्नी को धमकाकर चलाता था पूरा नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद पूरे अवैध नेटवर्क को संभालता था। वह ग्राहकों से पैसे लेता और पत्नी को उनके पास भेजता था। महिला विरोध करती तो आरोपी उसके साथ मारपीट करता। पीड़िता ने अदालत में बताया कि पति लगातार उसे मानसिक दबाव और डर में रखता था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी खुद उसका यौन शोषण करता था। उसे कई बार अमानवीय व्यवहार का सामना करना पड़ा। महिला को आराम के लिए बेहद कम समय मिलता था। लगातार हिंसा और दबाव के कारण उसकी मानसिक और शारीरिक हालत गंभीर रूप से बिगड़ गई थी।
अदालत में पीड़िता ने सुनाई दर्दनाक कहानी
दक्षिण फ्रांस के Digne-les-Bains क्रिमिनल कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई। महिला ने बंद कमरे में सुनवाई कराने से इनकार कर दिया। उसने खुली अदालत में अपना बयान दर्ज कराया। पीड़िता ने कहा कि वह कई बार वहां से भागना चाहती थी, लेकिन आरोपी की धमकियों से डर जाती थी।
कोर्ट ने मामले में आरोपी को दोषी माना और सख्त सजा सुनाई। सुनवाई के दौरान महिला ने बताया कि बीते सात साल उसकी जिंदगी के सबसे भयावह दिन थे। उसने कहा कि वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी, लेकिन आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया।
सोशल मीडिया पर लोगों में भारी गुस्सा
मामला सार्वजनिक होने के बाद फ्रांस समेत कई देशों में लोगों ने नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग पीड़िता के साहस की सराहना कर रहे हैं। कई महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए हैं। वहीं आरोपी को मिली सजा को लेकर और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
महिला अधिकार संगठनों ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया है। कई संगठनों ने पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा और सहायता व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। इस केस के बाद फ्रांस में घरेलू हिंसा और यौन अपराधों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
Author: Pallavi Sharma

