CJI के बयान से बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का दावा, सरकार ने इंस्टाग्राम हैक कर वेबसाइट की बंद

National News: देश में सोशल मीडिया पर तहलका मचाने वाली ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि सरकार ने उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया है और उनकी आधिकारिक वेबसाइट को भी बंद कर दिया है। यह विवाद सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था।

सोशल मीडिया अकाउंट बंद होने पर अभिजीत दीपके का बड़ा दावा

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुबह से ही कार्यकर्ता इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस खो चुके हैं। दोपहर में उन्होंने दावा किया कि 10 लाख रजिस्ट्रेशन वाली उनकी वेबसाइट को भी सरकार ने पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है।

अभिजीत ने सरकार की इस कार्रवाई को तानाशाही रवैया करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार कॉकरोच नाम से इतनी डरी हुई क्यों है। दीपके के मुताबिक सरकार उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को तो हैक कर सकती है, लेकिन युवाओं के इस बड़े आंदोलन और उनकी आवाज को किसी भी तरह नहीं दबा सकती है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग

वेबसाइट बंद होने से पहले इस पर एक बड़ी ऑनलाइन पिटीशन चल रही थी। इस पिटीशन के जरिए नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई थी। इस ऑनलाइन याचिका पर महज कुछ ही घंटों के भीतर करीब 6 लाख लोगों ने अपने हस्ताक्षर कर दिए थे।

इस बीच पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने भी इस अनोखे कॉकरोच मूवमेंट को अपना समर्थन दे दिया है। वांगचुक ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि वे बेरोजगार या आलसी नहीं हैं, इसलिए पार्टी के सदस्य तो नहीं बन सकते। लेकिन वे खुद को इस आंदोलन का एक मानद कॉकरोच जरूर मानते हैं।

महज आठ दिनों में खड़े किए दो करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स

इस डिजिटल पार्टी ने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। महज आठ दिनों के भीतर सीजेपी के इंस्टाग्राम हैंडल पर दो करोड़ 20 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुड़ गए। इससे पहले पार्टी का पुराना एक्स अकाउंट भी ब्लॉक हुआ था, जिसके बाद नया अकाउंट बनाया गया है।

अभिजीत दीपके ने यह भी दावा किया कि उन्हें व्हाट्सएप पर लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने इन धमकियों के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं। अमेरिका में पढ़ रहे अभिजीत के माता-पिता ने भी भारत के मौजूदा माहौल को देखते हुए बेटे की सुरक्षा पर गहरी चिंता जताई है।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत की टिप्पणी के बाद अस्तित्व में आई पार्टी

इस पूरी राजनीतिक बहस की शुरुआत 15 मई को सुप्रीम कोर्ट से हुई थी। एक मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। इस बयान से नाराज होकर ही डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट अभिजीत दीपके ने 16 मई को इस पार्टी का गठन कर दिया।

Author: Sachin Kulkarni

Hot this week

Related Articles

Popular Categories