Delhi News: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुरुआती छह मुकाबले जीतने के बाद टीम आखिरी छह मैचों में लगातार हार चुकी है। इस खराब प्रदर्शन के बीच पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपने एक विवादित बयान की वजह से गंभीर संकट में फंस गए हैं।
प्रियांश आर्य पर अजीब कमेंट कर सोशल मीडिया पर घिरे अर्शदीप
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह पंजाब के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य पर भद्दी टिप्पणी करते दिख रहे हैं। अर्शदीप हंसते हुए कहते हैं कि तुम कितने प्यारे हो, अपनी स्माइल और दांत दिखाओ।
यह वीडियो इंटरनेट पर सामने आते ही फैंस ने अर्शदीप सिंह को निशाने पर ले लिया। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि इस पूरी बातचीत के दौरान बल्लेबाज प्रियांश आर्य बेहद असहज महसूस कर रहे थे। असहजता के कारण ही उन्होंने तुरंत फोन पर बात करना शुरू कर दिया था।
तिलक वर्मा पर नस्लभैदी टिप्पणी करने का पुराना रिकॉर्ड
स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी तिलक वर्मा पर भी विवादित कमेंट कर चुके हैं। मुंबई के खिलाफ होने वाले मैच से ठीक पहले उन्होंने तिलक वर्मा पर नस्लभैदी तंज कसा था। उन्होंने वीडियो में कहा था कि ओए अंधेरे, क्या तुमने सनस्क्रीन नहीं लगाई है?
उस वीडियो के वायरल होने के बाद भी क्रिकेट प्रेमियों ने अर्शदीप की जमकर क्लास लगाई थी। बार-बार साथी खिलाड़ियों पर ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के कारण उनकी खेल भावना पर सवाल उठ रहे हैं। इस नए विवाद ने लीग स्टेज के अंत में पंजाब की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए आखिरी मैच जीतना जरूरी
पंजाब किंग्स लीग स्टेज का अपना सबसे महत्वपूर्ण और आखिरी मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलने उतरेगी। यह मैच 23 मई को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। लखनऊ की टीम पहले ही आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
हालांकि पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुले रखने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना बेहद जरूरी है। लगातार छह हार झेलने के बाद टीम का मनोबल पहले ही गिरा हुआ है। अब अर्शदीप के इस नए विवाद ने टीम मैनेजमेंट की सिरदर्दी को और ज्यादा बढ़ा दिया है।
Author: Prem Sharma


