Lucknow News: लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात करीब दो बजे एक भयानक सड़क हादसा हुआ। कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।
हादसे के समय बस में 30 यात्री सवार थे। आग की लपटों और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
दर्जन भर यात्री गंभीर रूप से घायल
इस दुखद दुर्घटना में करीब दो दर्जन यात्री झुलस गए हैं। इनमें से एक दर्जन से अधिक लोगों की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बस चालक शंभू स्टियरिंग में फंस गया था, जिसके चलते उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी और सीएफओ सत्येंद्र पांडे समेत आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और पुलिस प्रशासन उनकी हर संभव मदद कर रहा है।
क्या रही हादसे की मुख्य वजह?
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हादसे की मुख्य वजह बस की तेज रफ्तार और रात का अंधेरा माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि चालक को नींद की झपकी आई होगी या उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस सीधे कंटेनर में जा घुसी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
एक्सप्रेसवे पर हुई इस बड़ी चूक ने एक बार फिर लंबी दूरी की बसों में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि कहीं बस चालक नियमों का उल्लंघन तो नहीं कर रहा था। पुलिस ने कंटेनर चालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि पूरी घटना की सही जानकारी मिल सके।
Author: Ajay Mishra


