प्रतापगढ़ में पुलिस स्टेशन के बाहर प्रेमिका ने खाया जहर, तड़प कर हुई मौत, ब्लैकमेलर प्रेमी गिरफ्तार

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा कोतवाली परिसर के ठीक बाहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पुलिस की मौजूदगी में हुए समझौते के तुरंत बाद एक विवाहिता प्रेमिका ने अचानक जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी।

गंभीर हालत में महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के मासूम बेटे की लिखित शिकायत पर पुलिस ने ब्लैकमेलर प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

दो साल के अफेयर में प्रेमी ने ऐठे थे लाखों रुपये

कुंडा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 32 वर्षीय महिला का पति बाहर रहकर मजदूरी करता था। महिला भी गांव में खेती-किसानी कर घर चलाने में मदद करती थी। इसी दौरान दो साल पहले उसकी मुलाकात शिवचरन का पुरवा निवासी दीपक यादव से हुई थी।

धीरे-धीरे दोनों के बीच घनिष्ठ प्रेम संबंध स्थापित हो गए। परिजनों का आरोप है कि दीपक ने इस अफेयर के दौरान विभिन्न बहानों से महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये ऐठ लिए थे। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने लगा।

आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की लगातार दे रहा था धमकी

आरोपी दीपक पैसे न लौटाने के लिए महिला को उसके कुछ सीक्रेट और आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट पर पोस्ट करने की गंभीर धमकी दे रहा था। इस मानसिक उत्पीड़न और रोज-रोज के टॉर्चर से तंग आकर पीड़िता ने इमरजेंसी नंबर 112 पुलिस से मदद मांगी थी।

शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को दोनों पक्षों को कुंडा कोतवाली में बातचीत के लिए बुलाया था। थाने के अंदर पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर समझौता कराया। आरोपी कुछ पैसे वापस करने के लिए राजी भी हो गया था।

थाने से निकलते ही महिला ने उठाया खौफनाक कदम

हैरान करने वाली बात यह रही कि समझौते के तुरंत बाद जैसे ही दोनों कोतवाली से बाहर निकले, महिला ने पानी में जहर मिलाकर पी लिया। उसकी हालत बिगड़ती देख दीपक ने शोर मचाया और पुलिस को तत्काल घटना की लाइव जानकारी दी।

पुलिस टीम ने आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान आधी रात को महिला ने दम तोड़ दिया।

बेटे की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। महिला के बेटे ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि दीपक यादव उसकी मां को लगातार प्रताड़ित कर रहा था, जिससे तंग आकर उन्होंने ऐसा कदम उठाया।

कुंडा कोतवाल मनोज पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Author: Ajay Mishra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories