Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के नाम एक और बड़ी औद्योगिक उपलब्धि जुड़ गई है। कोल इंडिया लिमिटेड ने चिलुआताल (महेसरा ताल) में बनने वाली महत्वाकांक्षी फ्लोटिंग सोलर परियोजना के लिए स्थानीय कंपनी ‘नार्दर्नएक्सप्रेस इंफ्राडेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड’ का चयन किया है। इस बड़े प्रोजेक्ट से जिले में विकास की रफ्तार तेज होगी।
इस हाई-प्रोफाइल और बेहद महत्वपूर्ण परियोजना को हासिल करने के लिए देश भर की कुल 25 बड़ी कंपनियों ने सरकारी निविदा प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लिया था। कड़े कड़े तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद, इनमें से केवल 17 कंपनियों को ही इस प्रोजेक्ट के लिए पूरी तरह योग्य घोषित किया गया था।
सोमवार को अंतिम वित्तीय मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, करीब 115 करोड़ रुपये लागत वाली यह विशाल परियोजना नार्दर्नएक्सप्रेस इंफ्राडेवलपर्स को सौंप दी गई है। यह कंपनी पहले भी हिंदुस्तान उर्वरक एंड रसायन लिमिटेड के लिए वाप्कोस लिमिटेड की देखरेख में महेसरा ताल ड्रेजिंग प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी है।
स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास को मिलेगी नई उड़ान
कंपनी के प्रबंध निदेशक नितीश त्रिपाठी ने इस बड़ी कामयाबी पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि यह प्रस्तावित फ्लोटिंग सोलर परियोजना राज्य में स्वच्छ ऊर्जा, सतत विकास और उत्तर प्रदेश के तीव्र आर्थिक परिवर्तन को एक नई और मजबूत गति देने में बेहद मददगार साबित होगी।
Author: Ajay Mishra

